15 फरवरी को मोहम्मडन एससी से भिड़ेगा जमशेदपुर एफसी
जमशेदपुर: इंडियन सुपर लीग (आईएसएल) 2025-26 को लेकर शहर में फुटबॉल का जोश चरम पर है। टिकट बिक्री शुरू होने के महज दो दिनों में 6900 टिकट बिक चुके हैं, जिससे प्रशंसकों की उत्सुकता का अंदाजा लगाया जा सकता है। डिजिटल प्लेटफॉर्म और बॉक्स ऑफिस दोनों जगह बड़ी संख्या में फैंस टिकट खरीद रहे हैं। बढ़ती मांग को देखते हुए क्लब प्रबंधन ने बॉक्स ऑफिस का समय सुबह 8 बजे से रात 8 बजे तक कर दिया है, ताकि अधिक से अधिक दर्शक टिकट ले सकें।
जमशेदपुर एफसी 15 फरवरी को जेआरडी टाटा स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में मोहम्मडन एससी के खिलाफ अपने अभियान की शुरुआत करेगा। मुकाबला शाम 5 बजे खेला जाएगा। इस बार टिकट केवल ‘डिस्ट्रिक्ट बाय जोमैटो’ ऐप के जरिए डिजिटल फॉर्मेट में जारी किए जा रहे हैं, जहां क्यूआर कोड स्कैन कर दर्शकों को सीधे स्टेडियम में प्रवेश मिलेगा। क्लब प्रबंधन का मानना है कि डिजिटल टिकटिंग से प्रवेश प्रक्रिया आसान और सुरक्षित होगी।
टिकट दरें दर्शकों की सुविधा को ध्यान में रखकर तय की गई हैं। नॉर्थ और साउथ स्टैंड के लिए 50 रुपये, ईस्ट अपर और वेस्ट अपर के लिए 150 रुपये, ईस्ट व वेस्ट लोअर के लिए 250 रुपये, वीआईपी के लिए 499 रुपये और हॉस्पिटैलिटी टिकट 3000 रुपये निर्धारित किए गए हैं। किफायती दरों के कारण बड़ी संख्या में युवा और परिवार भी मैच देखने के लिए उत्साहित हैं।
करीब एक साल के अंतराल के बाद आईएसएल की जमशेदपुर में वापसी हो रही है, जिससे फुटबॉल प्रेमियों में खासा उत्साह है। 2017 से अब तक जमशेदपुर एफसी आईएसएल में औसतन लगभग 20 हजार दर्शकों की उपस्थिति के साथ सबसे ज्यादा समर्थित क्लबों में शामिल रहा है। हेड कोच ओवेन कॉयल के नेतृत्व में टीम इस बार नई ऊर्जा और रणनीति के साथ मैदान में उतरेगी। क्लब ने प्रशंसकों से स्टेडियम को ‘फर्नेस’ में बदलकर टीम का हौसला बढ़ाने की अपील की है।
स्थानीय फैन ग्रुप ‘ट्राइब्स’ के सदस्य राजा हांसदा का कहना है कि लंबे इंतजार के बाद शहर में शीर्ष स्तर का फुटबॉल लौट रहा है, जिससे फैंस बेहद उत्साहित हैं। साउथ स्टैंड के धर्मेश सामंत ने कहा कि नौ घरेलू मैचों में दर्शकों का समर्थन टीम के प्रदर्शन में अहम भूमिका निभाएगा। फुटबॉल प्रेमी राज नंदिनी के मुताबिक मैचडे सिर्फ खेल नहीं, बल्कि पूरे शहर को जोड़ने वाला उत्सव है, जबकि युवा प्रशंसक मेहर ओबेरॉय ने कहा कि आईएसएल के लौटते ही शहर फिर से जीवंत हो गया है और फैंस ‘12वें खिलाड़ी’ की भूमिका निभाने के लिए तैयार हैं।






