जमशेदपुर : मानगो एनएच-18  स्थित आरओ प्लांट में भीषण आग, लाखों का नुकसान

Raj Sharma
2 Min Read

जमशेदपुर : मानगो एनएच-18  स्थित आरओ प्लांट में भीषण आग, लाखों का नुकसान

 

जमशेदपुर: एम जी एम  थाना क्षेत्र के एनएच-18 स्थित एक आरओ प्लांट में बीते देर शाम खाना बनाने के दौरान अचानक आग लग गई, जिससे प्लांट में अफरा-तफरी मच गई। आग ने धीरे-धीरे आरओ प्लांट के अंदर रखे सामानों को अपनी चपेट में लेना शुरू कर दिया और देखते ही देखते लपटें विकराल रूप लेती चली गईं।

घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और अग्निशमन विभाग को सूचित किया गया। सूचना पाकर झारखंड अग्निशमन विभाग की एक दमकल गाड़ी तुरंत मौके पर पहुंची और आग बुझाने का अभियान शुरू किया। दमकलकर्मियों की कड़ी मशक्कत के बाद करीब एक घंटे में आग पर काबू पा लिया गया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।

 

आरओ प्लांट की देखरेख करने वाले टिंकू ने बताया कि वह प्लांट परिसर में खाना बना रहा था। उसी दौरान पास में रखे कपड़े और बेडशीट में आग लग गई, जिसने देखते ही देखते भयावह रूप ले लिया। जब तक स्थिति को संभाला जाता, तब तक प्लांट में रखा अधिकांश सामान जलकर राख हो चुका था।

 

इस आगजनी की घटना में पानी की जार, मोटर, पाइप समेत कई अन्य उपकरण पूरी तरह जल गए हैं। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार घटना में लाखों रुपये के नुकसान की बात कही जा रही है, हालांकि वास्तविक क्षति का आकलन अभी किया जा रहा है।

 

गनीमत रही कि इस घटना में कोई जानमाल की क्षति नहीं हुई। पुलिस मामले की जांच कर रही है और आग लगने के कारणों की विस्तृत पड़ताल की जा रही है।

Share This Article