बोड़ाम के चिरुगोड़ा में मानसिक रूप से परेशान अधेड़ ने की आत्महत्या, पेड़ से लटका मिला शव

2 Min Read

पटमदा (जमशेदपुर) : डिमना लेक के पास स्थित गेरूआ टोला चिरुगोड़ा में एक अधेड़ व्यक्ति ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। गुरुवार सुबह बोड़ाम पुलिस ने जंगल किनारे एक पेड़ से उसका शव बरामद किया। मृतक की पहचान 55 वर्षीय हाड़ीराम मुर्मू के रूप में हुई है, जो पिछले छह महीनों से मानसिक रूप से अस्वस्थ थे।

बोड़ाम थाना के अवर निरीक्षक विनोद मुर्मू ने बताया कि शव चिरुगोड़ा गांव के पास एक सिंदुआर पेड़ से रस्सी के सहारे लटका हुआ मिला। बुधवार शाम 8 बजे से हाड़ीराम मुर्मू घर से लापता थे और गुरुवार सुबह करीब 8 बजे ग्रामीणों ने पेड़ से लटकते शव को देखा। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा के बाद पोस्टमार्टम हेतु एमजीएम मेडिकल कॉलेज, डिमना भेज दिया।

मृतक की बेटी सुनीता किस्कू ने बताया कि सरस्वती पूजा के दिन अलाव तापने के दौरान उनके पिता झुलस गए थे, जिसके बाद से वह मानसिक रूप से परेशान रहने लगे थे। दो वर्ष पूर्व उनकी मां का निधन हो चुका है। हाड़ीराम अपने तीन पुत्रों — सोम, राम और लक्ष्मण मुर्मू  के साथ रहते थे।

बोड़ाम थाना प्रभारी मनोरंजन कुमार ने बताया कि घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस टीम को मौके पर भेजा गया और आत्महत्या के कारणों की जांच की जा रही है।

 

Share This Article