- 189 छात्रों को डिग्री, चार को स्वर्ण पदक
जमशेदपुर: देश के प्रतिष्ठित प्रबंधन संस्थान XLRI – जेवियर स्कूल ऑफ मैनेजमेंट में शनिवार को ब्लेंडेड पीजीडीएम प्रोग्राम का दूसरा दीक्षांत समारोह आयोजित हुआ। इस खास मौके पर 189 भावी प्रबंधकों को डिप्लोमा सर्टिफिकेट सौंपा गया, वहीं चार मेधावी छात्रों को शैक्षणिक उत्कृष्टता के लिए स्वर्ण पदक से नवाजा गया।
समारोह के मुख्य अतिथि स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (SBI) के प्रबंध निदेशक अश्विनी कुमार तिवारी ने छात्रों को संबोधित करते हुए कहा—
“दुनिया आज बड़ी चुनौतियों से गुजर रही है। आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस व तकनीकी बदलाव उद्योग जगत को नई दिशा दे रहे हैं। साथ ही क्लाइमेट चेंज भी चिंताजनक परिस्थिति पैदा कर रहा है। ऐसे समय में जिम्मेदार, दूरदर्शी और मूल्य आधारित नेतृत्व की बेहद ज़रूरत है।”
कार्यक्रम की अध्यक्षता संस्थान के निदेशक डॉ. (फादर) सेबेस्टियन जॉर्ज एस.जे. ने की। उन्होंने विद्यार्थियों को रोम के दार्शनिक मार्कस ऑरेलियस की शिक्षाओं का उल्लेख करते हुए नेतृत्व के चार अहम स्तंभ बताए – ज्ञान, धैर्य, न्याय और संयम।
इस अवसर पर डीन एकेडमिक्स डॉ. संजय पात्रो, डीन एडमिनिस्ट्रेशन एंड फाइनेंस डॉ. (फादर) डोनाल्ड डी’सिल्वा और अन्य प्रख्यात प्रोफेसर भी मौजूद रहे।
स्वर्ण पदक से सम्मानित छात्र-छात्राएं
-
सोनल अरोड़ा (इमर्जिंग CHRO)
-
सौम्या सिबानी साहू (BM)
-
श्रुति मित्रा (HRM)
-
साई सुप्रिया भुपथिराजू (Finance)
डॉ. संजय पात्रो ने स्नातकों को एक्सएलआरआइ के वैश्विक पूर्व छात्र नेटवर्क से जुड़ने का संदेश दिया, जबकि डॉ. डोनाल्ड डी’सिल्वा ने संस्थान की 75 वर्षों की गौरवशाली परंपरा को याद कर विद्यार्थियों से सत्यनिष्ठा और मानवीय मूल्यों को नेतृत्व की नींव बनाने का आह्वान किया।






