भाजपा के प्रचार वाहन को रोकने पर 5 के खिलाफ मामला दर्ज होने के मामले को जेबीकेएसएस ने बताया बेबुनियाद, पुलिस से की उच्च स्तरीय जांच की मांग

2 Min Read

K. Durga Rao

चांडिलः चांडिल थाना क्षेत्र के सुकसारी में शुक्रवार को भाजपा के प्रचार वाहन को रोकने, वाहन चालक के साथ मारपीट करने, कार्यकर्ताओं के साथ धक्का-मुक्की करने और प्रचार वाहन को जलाने के प्रयास में चांडिल थाना में पांच लोगों पर केस दर्ज हुआ है। भाजपा विधानसभा संयोजक मधुसूदन गोराई के बयान पर सुकसारी निवासी गोपेश महतो, फुलचांद महतो, सुकदेव महतो, आकाश महतो एवं रंजीत महतो के खिलाफ चांडिल थाना में केस दर्ज किया गया है। इस मामले की एफएसटी तथा मजिस्ट्रेट जांच करेंगे। इधर उक्त मामले की उच्च स्तरीय व निष्पक्ष जांच को लेकर शुक्रवार को गोपेश महतो समेत अन्य चार अभियुक्तों ने चांडिल थाना पहुंच कर थाना प्रभारी वरुण कुमार यादव के नाम लिखित आवेदन देते हुए मामले की उच्च स्तरीय जांच की मांग की है।

गोपेश महतो ने कहा कि उन लोगों के ऊपर लगे आरोप बेबुनियाद हैं। जिस वक्त सुकसारी में उक्त घटना घटी उस वक्त वे और उनके अन्य चार साथी सहित दर्जनों लोग रांची लोकसभा के प्रत्याशी देवेन्द्र नाथ महतो के लिए प्रचार प्रसार कर रहे थे। वहीं श्री महतो ने बताया कि जेबीकेएसएस समर्थित रांची लोकसभा के निर्दलीय प्रत्याशी देवेन्द्र नाथ महतो की लोकप्रियता से भाजपा घबरा गई है, जिसके कारण साजिश के तहत उन्हें अपने प्रत्याशी के प्रचार- प्रसार से दूर करने साजिश भाजपा नेताओं द्वारा रची जा रही है, ताकि जेबीकेएसएस के कार्यकर्ता का मनोबल तोड़ सके।
इधर, नीमडीह प्रखंड के काशीपुर में भी प्रचार वाहन को गांव में जाने से रोकने पर नीमडीह थाना में अज्ञात पर लिखित शिकायत दर्ज की गई है।

Share This Article