जमशेदपुर
ब्रह्मलोकधाम में आज गुरु मां पूर्णिमा देवी के आविर्भाव दिवस को महालक्ष्मी दिवस के रूप में अत्यंत श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ प्रातः ब्रह्म मुहूर्त में विधिवत अनुष्ठानों के साथ हुआ।
प्रातःकाल महास्नान एवं आश्रम परिक्रमा के उपरांत चेन्नई से पधारे आचार्य श्री एच. सुब्रमण्यम के सान्निध्य में, उनके साथ आए बारह विद्वान पंडितों द्वारा कलश स्थापना तथा विशाल महालक्ष्मी यज्ञ का आयोजन आश्रम परिसर में किया गया। यज्ञ के मुख्य यजमान ब्रह्मलोकधाम के पुरोहित श्री मोनू भट्टाचार्य रहे।
यज्ञ के दौरान भक्त संतानों द्वारा पांच प्रकार के फल, सिल्क वस्त्र, चंदन की लकड़ी, शुद्ध घी, मिष्ठान एवं सिक्कों की आहुति श्रद्धापूर्वक हवन कुंड में अर्पित की गई। यह महायज्ञ लगभग छह घंटे तक चला, जिसमें संपूर्ण वातावरण वैदिक मंत्रोच्चारण से भक्तिमय बना रहा।
अपराह्न काल में महाभोग का आयोजन किया गया, जिसमें हजारों की संख्या में श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। संध्या समय पुनः भगवती सेवा का आयोजन हुआ, जिसके साथ ही दिनभर चले धार्मिक कार्यक्रमों का विधिवत समापन किया गया।
इस अवसर पर ब्रह्मलोकधाम में आस्था, अनुशासन और आध्यात्मिक ऊर्जा का अद्भुत संगम देखने को मिला।





