भक्तिमय वातावरण में महाप्रभु जगन्नाथ पहुंचे मौसीबाड़ी, श्रद्धालुओं में मची रही रथ खींचने की होड़

2 Min Read

K. Durga Rao

चांडिल: रविवार को चांडिल नगर में भगवान जगन्नाथ की रथ यात्रा शांति पूर्वक पूरे भक्ति पूर्ण माहौल में निकाली गई। चांडिल स्थित पंचदशनाम नागा सन्यासी आश्रम साधु बांध मठिया से शुरू हुई यह रथ यात्रा पारडीह काली मंदिर के महंत विद्यानंद सरस्वती के देख रेख में चांडिल बाजार के मुख्य मार्ग से होते हुए निकली और भगवान अपने मौसी बाड़ी पहुंचे। बूंदाबांदी बारिश होने के बावजूद भी रथ यात्रा में भक्तों का तांता लगा रहा और रथ की रस्सी खींचने में आतुर दिखे। रथ यात्रा के दौरान भक्तों में रथ की रस्सी को खींचने की होड़ देखी गई, चाहे महिला हो या पुरुष या बच्चे सभी भगवान जगन्नाथ, भगवान बलराम और माता सुभद्रा सवार रथ को रस्सी के जरिये खींचने को तत्पर दिखे।

इसके पूर्व मठिया में वैदिक मंत्रोचार के साथ पूजा अर्चना के बाद रथ यात्रा शुरू हुई। इस दौरान बड़ी संख्या में थाना प्रभारी वरुण यादव के नेतृत्व में पुलिस बल तैनात थे। वहीं रथ यात्रा के दौरान जगह-जगह सामाजिक व धार्मिक संगठनों द्वारा शरबत, गुड़, चना, शीतल पेय इत्यादि का वितरण भी किया गया। वहीं यात्रा के दौरान ईचागढ़ विधायक सविता महतो, पूर्व विधायक अरविन्द सिंह, आजसू केंद्रीय महासचिव हरेलाल महतो, प्रख्यात समाजसेवी राकेश वर्मा, भाजपा जिला महामंत्री मधु गोराई झामुमो केंद्रीय सदस्य पप्पू वर्मा, भाजपा नेता बोनू सिंह समेत बड़ी संख्या में लोग सक्रिय दिखे।

Share This Article