जमशेदपुर : सिदगोड़ थाना पुलिस ने सोमवार को गुप्त सूचना के आधार पर एग्रिको क्षेत्र में छापेमारी कर नशे के कारोबार में लिप्त एक युवक और युवती को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने जर्जर क्वार्टर में की गई कार्रवाई के दौरान 100 पुड़िया ब्राउन शुगर बरामद की है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान प्रीति कुमारी और राहुल सांडिल के रूप में हुई है। तलाशी के क्रम में राहुल के पास से 25 पुड़िया जबकि प्रीति के पास से 75 पुड़िया ब्राउन शुगर मिली। इसके अलावा प्रीति के पास से 5,480 रुपये नकद भी बरामद किए गए हैं। पुलिस के अनुसार बरामद मादक पदार्थ की कुल मात्रा करीब 23 ग्राम बताई जा रही है।
पुलिस ने दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर सिदगोड़ थाना में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। इसके बाद दोनों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि ब्राउन शुगर की सप्लाई कहां से हो रही थी और इसके पीछे कौन-कौन लोग शामिल हैं।
थाना प्रभारी ने बताया कि एग्रिको क्षेत्र के जर्जर और खाली पड़े क्वार्टरों में असामाजिक तत्वों की गतिविधियों की लगातार शिकायत मिल रही थी। इसी क्रम में यह कार्रवाई की गई है। पुलिस ने स्थानीय लोगों से अपील की है कि नशे से जुड़ी किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें।
शहर में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत आगे भी ऐसे ठिकानों पर सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।





