जमशेदपुर : मानगो नगर निगम चुनाव की मेयर प्रत्याशी कुमकुम श्रीवास्तव ने शंकोसाई क्षेत्र के लक्ष्मी नगर, रिफ्यूजी कॉलोनी, श्याम नगर, रामनगर और आसपास के इलाकों में जनसंपर्क अभियान चलाकर घर-घर पहुंचकर मतदाताओं से अपने पक्ष में मतदान करने की अपील की। पदयात्रा के दौरान स्थानीय लोगों ने उनका स्वागत किया और क्षेत्र की समस्याओं से अवगत कराया।
पदयात्रा में भाजपा के पूर्व नेता विकास सिंह, राजकुमार श्रीवास्तव, राजेश साव और दुर्गा दत्ता भी साथ चलते नजर आए। कुमकुम श्रीवास्तव ने कहा कि उनकी प्राथमिकता मानगो की जनता की सेवा करना है, जिसमें जलजमाव की समस्या से निजात, महिलाओं की सुरक्षा, महिलाओं की शिक्षा के लिए विशेष विद्यालय की स्थापना और पिंक टॉयलेट का निर्माण शामिल है।

रामनगर चौक पर आयोजित सभा को संबोधित करते हुए विकास सिंह ने कहा कि यह चुनाव देश या राज्य के मुद्दों का नहीं, बल्कि क्षेत्र के विकास का चुनाव है, इसलिए मतदाता जाति और धर्म से ऊपर उठकर मतदान करें। उन्होंने आरोप लगाया कि पिछले 15 महीनों में स्थानीय विधायक सरयू राय ने मानगो के विकास के बजाय उसे उपेक्षित किया है।






