जमशेदपुर : नेवल टाटा हॉकी अकादमी (NTHA) ने 53वें कंवरजी कंस्ट्रक्शन जूनियर नेहरू हॉकी टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन करते हुए रजत पदक हासिल किया। टीम पूरे टूर्नामेंट में अपराजित रही और फाइनल मुकाबले में कड़ी टक्कर के बाद 3-1 से पराजित हुई। पूरे टूर्नामेंट में उत्कृष्ट रक्षात्मक प्रदर्शन के लिए कैडेट पात्रस हास्सा को बेस्ट डिफेंडर ऑफ द टूर्नामेंट सम्मान से नवाज़ा गया। उनकी फुर्ती, सटीक टैकल और दबाव में संयम ने टीम की रक्षा पंक्ति को मजबूत बनाए रखा।
उपलब्धि पर अपनी खुशी व्यक्त करते हुए NTHA के प्रोजेक्ट डायरेक्टर गुरमीत सिंह राव ने कहा कि हमारी टीम ने 53वीं जूनियर नेहरू हॉकी प्रतियोगिता में असाधारण प्रदर्शन किया है। यह उपलब्धि सब-जूनियर नेहरू टूर्नामेंट में U-15 गोल्ड मेडल जीतने के बाद आई है। फाइनल तक अपराजित रहना युवा खिलाड़ियों की मेहनत और प्रतिभा का प्रमाण है। कैडेट पेत्रास हास्सा का ‘बेस्ट डिफेंडर’ चुना जाना पूरी तरह से योग्य सम्मान है।
नेवल टाटा हॉकी अकादमी लगातार युवा प्रतिभाओं को तराशने, तकनीकी कौशल विकसित करने और मजबूत खेल संस्कृति निर्माण में जुटी है। यह उपलब्धि भारतीय हॉकी के भविष्य को संवारने की अकादमी की प्रतिबद्धता को और मजबूत करती है।






