जे पी स्कुल मे नौ कुंडली गायत्री महायज्ञ का शुभारंभ, 2100 महिलाओं ने निकाली भव्य कलश यात्रा

Raj Sharma
2 Min Read

जमशेदपुर:  मानगो स्थित जे पी स्कूल परिसर में गुरुवार को नौ कुंडली गायत्री महायज्ञ के प्रथम दिवस पर भव्य एवं अनुशासित कलश यात्रा का आयोजन किया गया। इस अवसर पर 2100 से अधिक महिलाओं ने पारंपरिक केसरिया परिधान में सिर पर कलश धारण कर कलश यात्रा में सहभागिता की।

कलश यात्रा जे पी स्कूल मानगो से प्रारंभ होकर स्वर्णरेखा नदी के तट तक पहुंची, जहां वैदिक विधि-विधान से जल पूजन संपन्न कराया गया। जल पूजन के पश्चात यात्रा पुनः स्कूल परिसर लौटकर यज्ञशाला में प्रवेश कर गई। पूरे मार्ग में गायत्री महामंत्र के जाप, शंखनाद और जयघोष से वातावरण आध्यात्मिक ऊर्जा से ओतप्रोत रहा।

कलश यात्रा में महिलाओं की बड़ी भागीदारी ने आयोजन को भव्य स्वरूप प्रदान किया। अनुशासित पंक्तियों में चल रही यात्रा को देखने के लिए मार्ग में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी। कई स्थानों पर लोगों ने नतमस्तक होकर यात्रा का स्वागत किया।

इस अवसर पर विधायक सरयू राय भी उपस्थित रहे। उन्होंने मातृशक्ति की सहभागिता और अनुशासन की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के आयोजन सामाजिक एवं सांस्कृतिक चेतना को सुदृढ़ करते हैं।

आयोजकों ने बताया कि नौ कुंडली गायत्री महायज्ञ का उद्देश्य केवल धार्मिक अनुष्ठान नहीं, बल्कि मानसिक शुद्धि, पारिवारिक संस्कार, सामाजिक समरसता और सकारात्मक ऊर्जा का प्रसार करना है। यज्ञ के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण और समाज में सद्भाव का संदेश दिया जा रहा है।

 

कलश यात्रा के दौरान सुरक्षा और व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। स्वयंसेवकों की सक्रिय भूमिका के चलते आयोजन शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित रहा।

महायज्ञ के अंतर्गत आगामी दिनों में यज्ञ अनुष्ठान, आध्यात्मिक प्रवचन, सामूहिक आरती एवं महाप्रसाद का आयोजन किया जाएगा, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है।

Share This Article