Mohit Kumar
दुमका : 77वें गणतंत्र दिवस के पावन अवसर पर पुलिस लाइन मैदान, दुमका में आयोजित जिला स्तरीय समारोह में उपायुक्त अभिजीत सिन्हा ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया। इस अवसर पर उन्होंने परेड की सलामी ली और उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए दुमका वासियों एवं समस्त झारखण्डवासियों को गणतंत्र दिवस की हार्दिक शुभकामनाएँ दीं। उन्होंने कहा कि प्राकृतिक सौंदर्य, खनिज सम्पदा, संघर्ष और बलिदान की साक्षी ऐतिहासिक भूमि दुमका से यह पर्व मनाना गौरव की बात है।

अपने संबोधन की शुरुआत में उपायुक्त ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी, पं. जवाहरलाल नेहरू, डॉ. राजेन्द्र प्रसाद, नेताजी सुभाष चन्द्र बोस, मौलाना अबुल कलाम आज़ाद, सरदार वल्लभभाई पटेल, शहीद-ए-आजम भगत सिंह और संविधान निर्माता बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर सहित झारखण्ड के महान विभूतियों घरती आबा भगवान बिरसा मुंडा, तिलका मांझी, सिदो-कान्हू, चाँद-भैरव, फूलो-झानो, बीर बुधु भगत, जतरा टाना भगत, नीलाम्बर-पीताम्बर, शेख भिखारी, पाण्डेय गणपत राय और शहीद विश्वनाथ शाहदेव को श्रद्धासुमन अर्पित किए।

उन्होंने कहा कि गणतंत्र दिवस हमारे संविधान के लागू होने की वर्षगांठ है, जिसने भारत को एक संप्रभु, लोकतांत्रिक गणराज्य का स्वरूप दिया। संविधान के मूल सिद्धांत-न्याय, स्वतंत्रता, समानता और भ्रातृत्व-केवल पुस्तकों तक सीमित न रहकर हमारे आचरण, नीतियों और निर्णयों में प्रतिबिंबित होने चाहिए। उन्होंने शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार के समान अवसर सुनिश्चित करने पर बल दिया।

संविधान और समावेशी विकास पर जोर
उपायुक्त ने कहा कि आदिवासी, दलित, पिछड़े वर्गों के अधिकारों की चर्चा होते ही बाबा साहब भीमराव अंबेडकर का स्मरण स्वाभाविक है। माननीय मुख्यमंत्री, झारखण्ड का दृढ़ विश्वास है कि संविधान के आदर्शों के प्रति पूर्ण समर्पण से ही विकास के लक्ष्य साकार हो सकते हैं। इसी दिशा में दुमका जिला प्रशासन समावेशी, जनसहभागी और पारदर्शी विकास के लिए प्रतिबद्ध है।

दुमका में फ्लाइंग ट्रेनिंग ऑर्गेनाइजेशन का शुभारंभ
उन्होंने बताया कि दुमका जिले के लिए अत्यंत गौरव का विषय है कि दुमका हवाई अड्डा पर माननीय मुख्यमंत्री के कर-कमलों द्वारा फ्लाइंग ट्रेनिंग ऑर्गेनाइजेशन (FTO) का शुभारंभ किया गया है। इसके माध्यम से प्रति वर्ष राज्य के 30 युवक-युवतियों को कमर्शियल पायलट लाइसेंस का प्रशिक्षण दिया जाएगा। विशेष रूप से जनजातीय युवक-युवतियों को निःशुल्क प्रशिक्षण का अवसर मिलेगा। यह संस्था दुमका को देश के विमानन मानचित्र पर एक नई पहचान देगी।
पेसा नियम, ग्राम स्वराज और महिला नेतृत्व
झारखण्ड सरकार द्वारा पेसा नियमों के लागू होने से जनजातीय क्षेत्रों में ग्राम सभाओं को वास्तविक अधिकार प्राप्त हुए हैं। पंचायतों को सशक्त बनाने के लिए वित्तीय पारदर्शिता, प्रतिनिधियों का प्रशिक्षण और पंचायत भवनों का डिजिटलीकरण किया जा रहा है। महिला मुखियाओं को विशेष नेतृत्व प्रशिक्षण भी दिया जा रहा है।
महिला सशक्तिकरण और सामाजिक सुरक्षा
मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना के तहत 18 से 50 वर्ष की महिलाओं को प्रतिमाह ₹2500 की सहायता दी जा रही है। दिसंबर 2025 तक दुमका जिले में 2,04,018 महिलाएँ इस योजना से लाभान्वित हुई हैं। इसके अलावा वृद्धावस्था, निराश्रित महिला, आदिम जनजाति, HIV/AIDS पीड़ित, दिव्यांग पेंशन योजनाओं के अंतर्गत हजारों लाभुकों को सहायता दी जा रही है।

सखी मंडल, दीदी की दुकान और राष्ट्रीय पहचान
JSLPS के माध्यम से 10 प्रखंडों के 2675 गांवों में 16,213 सखी मंडलों का गठन किया गया है। पलाश ब्रांड के अंतर्गत ग्रामीण महिलाएँ तेल, अनाज, आटा, दाल आदि का उत्पादन कर रही हैं। ‘दीदी की दुकान’ नवाचार को राष्ट्रीय स्तर पर सराहा गया है और दुमका को प्रथम पुरस्कार मिला है। जिले में 3764 दीदी की दुकान और 119 दीदी का ढाबा संचालित हैं।
शिक्षा, छात्रवृत्ति और स्वास्थ्य योजनाएं
अनुसूचित जाति, जनजाति और पिछड़ा वर्ग के छात्रों को प्री और पोस्ट मैट्रिक छात्रवृत्ति, निःशुल्क साइकिल दी जा रही है। स्वास्थ्य क्षेत्र में मुख्यमंत्री अबुआ स्वास्थ्य सुरक्षा योजना के तहत प्रति परिवार ₹15 लाख तक निःशुल्क इलाज की सुविधा दी जा रही है। फूलो-झानो मेडिकल कॉलेज का आधुनिक भवन तैयार हो चुका है।
रोजगार, आवास और कृषि विकास
मनरेगा के तहत 52 लाख से अधिक मानव दिवस सृजित किए गए हैं। अबुआ आवास, प्रधानमंत्री आवास और बाबा साहब अंबेडकर आवास योजना के अंतर्गत हजारों परिवारों को घर मिले हैं। कृषि क्षेत्र में बीज वितरण, ड्रिप इरिगेशन और ऋण माफी योजनाओं से हजारों किसान लाभान्वित हुए हैं।
सड़क, पर्यटन, खेल और सिंचाई
दुमका में सड़कों, पुलों, पर्यटन स्थलों, खेल स्टेडियमों और सिंचाई परियोजनाओं पर बड़े पैमाने पर कार्य चल रहा है। मसलिया-रानेश्वर मेगा लिफ्ट परियोजना से 22 हजार हेक्टेयर से अधिक भूमि सिंचित होगी।
उपायुक्त अभिजीत सिन्हा ने गणतंत्र दिवस के अवसर पर सभी नागरिकों से संविधान के आदर्शों को जीवन में उतारने का संकल्प लेने का आह्वान किया। उन्होंने परेड में शामिल जवानों और बच्चों को उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए बधाई दी और दुमका वासियों को एक बार फिर गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएँ दीं।






