जमशेदपुर: बागबेड़ा ग्रामीण जलापूर्ति योजना को धरातल पर लाने की मांग को लेकर बागबेड़ा वासियों द्वारा लगातार आंदोलन किया जा रहा है। पिछले कई वर्षों से योजना लटकी हुई है और इसके लिए आंदोलन भी चल रहा है, लेकिन अबतक मामला जस का तस है। अब जलापूर्ति योजना को धरातल पर उतारने की मांगों को लेकर बागबेड़ा महानगर विकास समिति एवं संपूर्ण घाघीडीह विकास समिति ने सरकार पर दबाव बनाने के लिए जमशेदपुर से दिल्ली तक पदयात्रा करने की तैयारी कर ली है। यह पदयात्रा 21 मार्च से शुरू होगी।
आंदोलनकारी सुबोध झा और छोटराय मुर्मू के नेतृत्व में 21 मार्च की सुबह 10.30 बजे हरहरगुट्टू काली मंदिर से पदयात्रा शुरू होगी जो दिल्ली पहुंचकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से जलापूर्ति योजना को धरातल पर उतारने की दिशा में मदद की गुहार लगाएगी।
पदयात्रा में जाने वालों की सूची तैयार हो गई है। इनमें सुबोध झा, छोटराय मुर्मू, कृष्णाचंद्र पात्रो, प्रभा हांसदा, रितु सिंह, सोनी देवी, सुनिता देवी, रूपेश शर्मा, डॉ. बीके सिन्हा, राणा डे, यश प्रसाद, बरराम तांती, कृष्णा पात्रो, बीनानंद सिरका, अमीना खातुन, जितेंद्र यादव, शैलेन्द्र कालिंदी, कमला देवी, संतोष जायसवाल, रोशनी देवी और सावित्री देवी समेत 21 लोग शामिल हैं।