पटमदा / जमशेदपुर।
खेल के माध्यम से समाज में बालक-बालिका समानता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से मिक्स जेंडर विलेज क्रिकेट लीग का शुभारंभ शनिवार को पटमदा स्थित एस.एस. +2 स्कूल मैदान में किया गया। इस अनूठी लीग में बोड़ाम-पटमदा प्रखंड के सुदूर गांवों से आए लगभग 60 बच्चों ने भाग लिया।
लीग के पहले दिन चार टीमों के बीच राउंड रॉबिन फॉर्मेट में कुल 6 मुकाबले खेले गए। टीमों का नामकरण झारखंड और भारत की प्रतिष्ठित खेल विभूतियों के नाम पर किया गया, ताकि बच्चे उनसे प्रेरणा ले सकें। प्रतियोगिता में मरांग गोमके जयपाल सिंह मुंडा एकादश, पर्वतारोही विनीता सोरेन एकादश, धनुर्धर दीपिका कुमारी एकादश और कप्तान सलीमा टेटे एकादश शामिल रहीं।
दिन भर चले मुकाबलों में प्रत्येक टीम को 6-6 ओवर के तीन-तीन मैच खेलने का अवसर मिला। पहले दिन के खेल की समाप्ति पर कप्तान सलीमा टेटे एकादश प्रथम तथा विनीता सोरेन एकादश द्वितीय स्थान पर रही। दोनों टीमों के बीच रविवार को क्वालीफायर मुकाबला खेला जाएगा। वहीं तीसरे और चौथे स्थान पर रही जयपाल सिंह मुंडा एकादश और दीपिका कुमारी एकादश के बीच एलिमिनेटर मैच होगा। इसके बाद फाइनल मुकाबला आयोजित किया जाएगा।
टूर्नामेंट का उद्घाटन करते हुए पटमदा के मुखिया परमेश्वर सिंह ने कहा,
“मैदान पर बच्चियों को लड़कों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खेलते देखना बेहद सुखद अनुभव है। मिक्स जेंडर क्रिकेट के माध्यम से समानता का जो संदेश दिया जा रहा है, वह अकल्पनीय और सराहनीय है।”
पटमदा क्रिकेट कमिटी के सदस्य सुशांत दत्ता एवं बोड़ाम क्रिकेट कमिटी के अध्यक्ष वृंदावन महतो ने बताया कि इस पहल को गांव-गांव तक ले जाने का प्रयास किया जाएगा, ताकि जेंडर समानता का संदेश जमीनी स्तर तक पहुंचे।
सामाजिक संस्था निश्चय फाउंडेशन के संस्थापक एवं मिक्स जेंडर क्रिकेट की इस पहल के सूत्रधार तरुण कुमार ने कहा कि सामुदायिक सहभागिता से ही समाज की छोटी-बड़ी समस्याओं का समाधान संभव है। स्थानीय युवाओं और अभिभावकों का सहयोग इस आयोजन को अभूतपूर्व बनाता है।
कार्यक्रम के आयोजन हेतु संसाधन जनभागीदारी से जुटाए गए, जिसमें लगभग 15,000 रुपये क्राउडफंडिंग के माध्यम से एकत्र किए गए। खेल सामग्री, ट्रॉफी एवं मेडल उपलब्ध कराने में वीपीआरए फाउंडेशन और डीकैथेलॉन का सहयोग रहा।
मैचों में प्रकाश केशरी, अमर दास, अजय एवं विवेक ने अंपायरिंग की जिम्मेदारी निभाई, जबकि आशीष ओझा और देवाशीष मुखर्जी स्कोरर रहे। आयोजन में खेल शिक्षक महेश कुमार द्विवेदी, श्रीमंत प्रामाणिक, मिथिलेश कुमार, जितेंद्र कुमार, तुलसी महतो सहित कई स्थानीय युवाओं ने प्रबंधन और मार्गदर्शन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।





