- पढ़ाई के दौरान गिरा स्कूल का भवन
- पिपलोदी गांव में दर्दनाक हादसा, CM और पूर्व CM ने जताया शोक
झालावाड़ (राजस्थान): शुक्रवार सुबह पिपलोदी गांव स्थित राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय में एक दिल दहला देने वाला हादसा हुआ। सुबह करीब 8:30 बजे, स्कूल की पुरानी इमारत की छत अचानक ढह गई, जिससे पढ़ाई कर रहे बच्चे मलबे में दब गए।
अब तक की जानकारी के अनुसार 4 बच्चों की मौत हो चुकी है, जबकि 17 घायल बच्चों को मलबे से निकाला गया है। राहत और बचाव कार्य जारी है, जिसमें जेसीबी मशीनों की मदद ली जा रही है। मलबे में अभी भी कई बच्चों के दबे होने की आशंका जताई जा रही है।
बारिश बनी हादसे की वजह
घटना के समय स्कूल में पढ़ाई चल रही थी और तेज बारिश हो रही थी। इसी दौरान जर्जर छत गिर गई। ग्रामीणों और शिक्षकों की मदद से बच्चों को मलबे से निकाला गया।
हालात गंभीर, कई को रेफर
झालावाड़ के पुलिस अधीक्षक अमित कुमार ने बताया कि,
“चार बच्चों की मौत हो चुकी है, 17 घायल हैं। इनमें से 10 को झालावाड़ रेफर किया गया है, जिनमें 3-4 की हालत गंभीर है।”
मुख्यमंत्री और पूर्व मुख्यमंत्री की प्रतिक्रिया
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने घटना पर शोक व्यक्त करते हुए अधिकारियों को तत्काल चिकित्सा सुविधा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
पूर्व CM अशोक गहलोत ने भी सोशल मीडिया पर घटना पर दुख जताते हुए लिखा:
“ईश्वर से प्रार्थना है कि सभी घायल बच्चे जल्द स्वस्थ हों और जनहानि न्यूनतम हो।”
मातम में डूबा पिपलोदी गांव
यह हादसा न केवल गांव बल्कि पूरे प्रदेश को झकझोर देने वाला है। मृत बच्चों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे गांव में मातम का माहौल है।





