आदित्यपुर टोल प्लाजा के पास सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियान, नियम तोड़ने वालों को दी गई सख्त हिदायत

Raj Sharma
2 Min Read

JAMSHEDPUR : सरायकेला–खरसावां  जिले के अंतर्गत आदित्यपुर टोल प्लाजा के पास जिला परिवहन पदाधिकारी (DTO) के निर्देश पर सड़क सुरक्षा एवं यातायात नियमों को लेकर विशेष जागरूकता अभियान चलाया गया। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य सड़क दुर्घटनाओं पर रोक लगाना और आम लोगों को सुरक्षित उनके घर तक पहुँचाना रहा।

अभियान के दौरान वाहन चालकों को हेलमेट पहनने, ट्रिपल राइडिंग से बचने तथा कार में सीट बेल्ट अनिवार्य रूप से लगाने के प्रति जागरूक किया गया। अधिकारियों ने स्पष्ट रूप से बताया कि बाइक पर यदि दो लोग सवार हैं तो दोनों के लिए हेलमेट पहनना अनिवार्य है। बिना हेलमेट वाहन चलाना न केवल कानून का उल्लंघन है बल्कि यह जानलेवा भी साबित हो सकता है।

इसके साथ ही बिना वैध ड्राइविंग लाइसेंस के बाइक या कार न चलाने की सख्त हिदायत दी गई। अधिकारियों ने बताया कि 18 वर्ष की आयु पूरी होने के बाद ही बाइक चलाना कानूनी रूप से मान्य है। नाबालिगों द्वारा वाहन चलाने से न सिर्फ उनकी जान को खतरा होता है बल्कि दूसरों की सुरक्षा भी प्रभावित होती है।

अभियान के दौरान कई वाहन चालकों को मौके पर ही यातायात नियमों की जानकारी दी गई और नियमों का पालन करने की शपथ दिलाई गई। DTO कार्यालय की ओर से यह संदेश दिया गया कि यातायात नियम किसी को परेशान करने के लिए नहीं बल्कि लोगों की जान बचाने के लिए बनाए गए हैं।

प्रशासन ने आम जनता से अपील की कि वे सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करें, हेलमेट और सीट बेल्ट का नियमित उपयोग करें तथा सुरक्षित ड्राइविंग को अपनी आदत बनाएं, ताकि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सके और हर व्यक्ति सुरक्षित अपने घर पहुँच सके।

 

Share This Article