चांडिल, 26 सितंबर 2025 – राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के शताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य में देशभर में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में शुक्रवार को चांडिल खंड में भव्य पथ संचालन एवं शस्त्र पूजन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। स्वयंसेवकों ने पूर्ण गणवेश में खंड कार्यवाह डॉ. रामनाथ हालदार की अध्यक्षता में पथ संचालन किया। यह कार्यक्रम विवेकानंद केंद्र, मठिया रोड से शुरू होकर चांडिल बाजार के विभिन्न मार्गों से गुजरते हुए डेम रोड स्थित आदर्श कॉलोनी दुर्गा मंदिर पहुंचा और पुनः विवेकानंद केंद्र में समाप्त हुआ। पथ संचालन के बाद विजयादशमी उत्सव के मौके पर विवेकानंद केंद्र में शस्त्र पूजन संपन्न हुआ, जिसमें क्षेत्र के नए और पुराने स्वयंसेवकों ने बड़ी संख्या में भाग लिया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में सिंहभूम कॉलेज के पूर्व प्रधानाचार्य डॉ. गुरुपद राजवाड़ ने स्वयंसेवकों को संबोधित करते हुए कहा कि “अनुशासन ही आरएसएस की पहचान और शक्ति है।” इस अवसर पर विद्यासागर लाभ ने बौद्धिक विचार साझा किए, रवि वर्मा ने मुख्य शिक्षक की भूमिका निभाई और प्रार्थनावाचक के रूप में रविन्द्र रविदास शामिल हुए। लगभग तीस स्वयंसेवकों ने इस कार्यक्रम में भाग लेकर संगठन के आदर्शों और राष्ट्र निर्माण में अपनी भूमिका को पुनः समर्पित किया।






