सरायकेला,
सरायकेला-खरसावां जिले के राजनगर थाना क्षेत्र में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक सक्रिय अंतरराज्यीय चोर गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने इस गिरोह के सरगना कालू सरदार समेत दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि गिरोह से जुड़े तीन नाबालिगों को भी हिरासत में लिया गया है।
पुलिस के अनुसार, राजनगर थाना क्षेत्र सहित आसपास के इलाकों में लगातार चोरी की घटनाओं की शिकायतें मिल रही थीं। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने विशेष जांच दल का गठन किया और तकनीकी साक्ष्यों व गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी अभियान चलाया। इसी दौरान कालू सरदार गैंग के सदस्यों को पकड़ने में पुलिस को सफलता मिली।
गिरफ्तार आरोपियों के पास से पुलिस ने चोरी के मोबाइल फोन, चांदी के आभूषण, नकद राशि एवं चोरी में प्रयुक्त औजार बरामद किए हैं। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि यह गिरोह झारखंड के अलावा अन्य राज्यों में भी चोरी की वारदातों को अंजाम देता था, जिससे इसे अंतरराज्यीय गिरोह माना जा रहा है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि पकड़े गए आरोपियों से पूछताछ जारी है और गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश की जा रही है। गिरफ्तार दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है, जबकि नाबालिगों को बाल सुधार गृह भेजने की प्रक्रिया चल रही है।
इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में लोगों ने राहत की सांस ली है। पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत थाना को दें, ताकि अपराध पर प्रभावी नियंत्रण लगाया जा सके।





