सरायकेला।
झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन शुक्रवार को सरायकेला जिले के दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वे आदित्यपुर इंडस्ट्रियल एरिया स्थित नेताजी सुभाष मेडिकल कॉलेज अस्पताल का औपचारिक उद्घाटन करेंगे और राज्य की जनता को एक बड़ी स्वास्थ्य सुविधा की सौगात देंगे।
इस मौके पर राज्य के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी, स्थानीय विधायक-सांसदों के साथ स्वास्थ्य विभाग के अपर मुख्य सचिव अजय सिंह भी कार्यक्रम में शामिल होंगे। सितवांतो देवी महिला कल्याण समिति के तत्वावधान में संचालित यह मेडिकल कॉलेज अस्पताल राज्य के स्वास्थ्य क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है।
फिलहाल यहां 650 बेड का सुपर मल्टी स्पेशलिटी अस्पताल संचालित है, जबकि इसी सत्र से इसे 900 बेड तक विस्तारित किया जाएगा। साथ ही, इसी शैक्षणिक सत्र से एमबीबीएस के 100 छात्रों का नामांकन भी हो चुका है, जिन्हें मुख्यमंत्री संबोधित करेंगे।
नेताजी सुभाष मेडिकल कॉलेज अस्पताल के प्रबंध निदेशक कृष्ण मुरारी ने इसे ऐतिहासिक क्षण बताते हुए कहा कि यह संस्थान न केवल कोल्हान बल्कि पूरे झारखंड के लिए स्वास्थ्य और शिक्षा के क्षेत्र में एक धरोहर बनेगा। उन्होंने बताया कि शिक्षा के क्षेत्र में नेताजी सुभाष ग्रुप पहले से ही बिहार-झारखंड में अपनी मजबूत पहचान बना चुका है।
वहीं, सितवांतो देवी महिला कल्याण समिति के सचिव एवं नेताजी सुभाष ग्रुप के चेयरमैन मदन मोहन सिंह ने कहा कि राज्य की जनता से किया गया वादा अब पूरा हो रहा है। उन्होंने मुख्यमंत्री द्वारा मेडिकल कॉलेज अस्पताल के उद्घाटन को संस्थान के लिए ऐतिहासिक पल बताया और कहा कि भविष्य में भी शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में बेहतर सेवाएं देने का प्रयास जारी रहेगा।
मुख्यमंत्री के कार्यक्रम को लेकर अस्पताल प्रबंधन में उत्साह का माहौल है और तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है।





