जमशेदपुर में सनसनीखेज वारदात, शराब माफियाओं का एक परिवार पर जानलेवा हमल

Raj Sharma
3 Min Read

जमशेदपुर से इस वक्त एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। परसुडीह थाना क्षेत्र अंतर्गत छोलागोड़ा के लटकुगोड़ा इलाके में शराब माफियाओं ने एक ही परिवार पर जानलेवा हमला कर दिया। इस हमले में परिवार के चार सदस्य गंभीर रूप से घायल हो गए हैं, जिनमें दो की हालत नाजुक बताई जा रही है।

मिली जानकारी के अनुसार, शराब कारोबारी टाई ने टिंकू गोप को शराब लेने के बहाने फोन कर अपने गोदाम में बुलाया था। जब टिंकू गोप अपने परिवार के साथ गोदाम पहुंचे, तो वहां पहले से ही घात लगाए 25 से 30 युवक मौजूद थे। आरोप है कि गोदाम पहुंचते ही मिहिर गोप और उसके साथियों ने लाठी, डंडा, हॉकी स्टिक और लोहे की रॉड से टिंकू गोप और उनके परिवार पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया।

इस हमले में टिंकू गोप, उनके भाई श्याम गोप, पत्नी सुषमा हेंब्रम और मां सुंदरी गोप गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को आनन-फानन में सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों ने टिंकू गोप और श्याम गोप की हालत गंभीर बताई है।

पीड़िता सुषमा हेंब्रम ने बताया,

“मेरे पति को शराब लेने के लिए फोन कर बुलाया गया था। जैसे ही हम गोदाम पहुंचे, वहां मौजूद लोगों ने बेरहमी से हमला कर दिया। जब हम उन्हें बचाने गए, तो हमारे साथ भी मारपीट की गई। मेरी सास को भी नहीं छोड़ा गया।”

पीड़ित परिवार का आरोप है कि इससे पहले भी जमीन विवाद को लेकर मिहिर गोप कई बार उनके घर में घुसकर मारपीट कर चुका है। इस संबंध में परसुडीह थाना में शिकायत भी दर्ज कराई गई थी, लेकिन पुलिस की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। परिवार का कहना है कि अगर समय रहते प्रशासन ने कार्रवाई की होती, तो आज इतनी बड़ी वारदात नहीं होती।

फिलहाल इस घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। पीड़ित परिवार ने प्रशासन से आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी और कड़ी कार्रवाई की मांग की है। वहीं पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और दोषियों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।

 

Share This Article