दुमका के डंगाल पाड़ा में आवारा सांडों का आतंक, दुकानदारों व राहगीरों में भय

1 Min Read

Mohit Kumar

दुमका : जिले के नगर परिषद क्षेत्र अंतर्गत डंगाल पाड़ा में मंगलवार को दो आवारा सांडों के आपस में भिड़ जाने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। सड़कों पर आवागमन कर रहे लोगों और आसपास के दुकानदारों में काफी डर का माहौल देखा गया।

स्थानीय दुकानदारों ने बताया कि क्षेत्र में आवारा पशुओं की समस्या लंबे समय से बनी हुई है। ये सांड कभी भी राहगीरों पर हमला कर देते हैं, वाहनों को नुकसान पहुंचाते हैं, दुकानों को तोड़ देते हैं और कई बार घरों में भी घुस जाते हैं, जिससे आम लोग घायल हो रहे हैं। दुकानदारों का कहना है कि वे लगातार भय के साये में जीने को मजबूर हैं।

स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि आवारा पशुओं को लेकर कई बार प्रशासन का ध्यान आकृष्ट कराया गया, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है। मंगलवार को भी वही नजारा दोहराया गया, जिससे लोगों में नाराजगी बढ़ गई है। नागरिकों ने नगर परिषद और जिला प्रशासन से शीघ्र इस समस्या पर अंकुश लगाने की मांग की है, ताकि किसी बड़े हादसे से बचा जा सके।

Share This Article