दुमका की सुदीपा दत्ता ने यूपीएससी में 41वीं रैंक हासिल कर बढ़ाया झारखंड का मान

2 Min Read

दुमका : झारखंड के दुमका की बेटी सुदीपा दत्ता ने संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) की प्रतिष्ठित परीक्षा में 41वीं रैंक हासिल कर अपने राज्य और देश का नाम रोशन किया है। यह सुदीपा का तीसरा प्रयास था, जिसमें उन्होंने शानदार सफलता प्राप्त की।

सुदीपा ने बताया कि अपने पहले प्रयास में तैयारी पूरी नहीं होने के कारण वह प्रारंभिक परीक्षा भी पास नहीं कर पाई थीं। इसके बाद वर्ष 2023 में वह इंटरव्यू तक पहुंचीं, लेकिन अंतिम सूची में स्थान नहीं बना सकीं। लगातार मेहनत और दृढ़ संकल्प के साथ तीसरे प्रयास में उन्होंने सफलता का परचम लहराया।

हाल ही में झारखंड लोक सेवा आयोग (जेपीएससी) द्वारा आयोजित सीडीपीओ परीक्षा में भी सुदीपा ने 24वीं रैंक हासिल की थी।

सुदीपा ने अपनी प्रारंभिक शिक्षा के बाद स्नातक की पढ़ाई दुमका स्थित आदित्य नारायण महाविद्यालय से राजनीति विज्ञान विषय में पूरी की। उनके पिता सच्चिदानंद दत्ता डाकघर में कार्यरत हैं, जबकि मां पम्पा दत्ता गृहिणी हैं। परिवार में दो बहन और एक भाई हैं, जो सभी पढ़ाई कर रहे हैं।

सुदीपा ने बताया कि उन्होंने दुमका में रहकर ही ऑनलाइन माध्यम से अपनी पढ़ाई की। इसके साथ ही वह नियमित रूप से दुमका के राजकीय पुस्तकालय में जाकर तैयारी करती थीं। उन्होंने कहा कि इस सफलता के पीछे रोजाना 10 घंटे से अधिक की मेहनत और निरंतर अभ्यास का योगदान है।

सुदीपा ने प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे छात्र-छात्राओं को संदेश देते हुए कहा कि मेहनत और लगन ही सफलता की कुंजी है। उन्होंने कहा कि परिश्रम का कोई विकल्प नहीं होता। यदि विद्यार्थी निरंतर मेहनत करते हुए आगे बढ़ें, तो उन्हें निश्चित रूप से सफलता मिलती

Share This Article