तेजस्वी ने कार्यर्कताओं और बिहारवासियों से की अपील, बेटी वंदना के साथ करें काम की शुरुआत

2 Min Read

Amit Raj

पटना : बिहार के नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने समस्त कार्यकर्ताओं और बिहारवासियों से अपने हर काम की शुरुआत “बेटी वंदना ” के साथ करने की अपील की है। उन्होंने लोकसभा चुनाव में भाजपा द्वारा एक भी महिला को टिकट न देने पर भी सवाल खड़ा किया। उन्होंने कहा कि बीजेपी ने बिहार में एक भी महिला को लोकसभा चुनाव में उम्मीदवार नहीं बनाकर महिला विरोधी होने का परिचय दिया है। हमने पहले भी कहा था महिला आरक्षण बिल इनका ढकोसला था।

इस क्रम में उन्होंने बिहार के उपमुख्यमंत्री पर नारी शक्ति और बिहार की बेटी को लेकर दिए गए विवादास्पद और घृणाप्रद बयान की निंदा की है। कहा कि यह भाजपा के चरित्र को चित्रित करता है। ऐसी सोच ना हमारे संस्कारों में है और ना बिहार की संस्कृति व संस्कारों में।

तेजस्वी ने कहा कि बिहार की पहचान भाजपा नहीं है, बिहार ओछे बयान देने वालों की धरती नहीं है, यह माता सीता की जन्मस्थली है। बिहार बेटियों का, माताओं का, महिलाओं का सम्मान करने वाली पावन धरा है। हमारे संस्कार, हमारे आचरण, व्यवहार में मातृशक्ति का सर्वोच्च महत्व है और हमारे कार्य में इसकी झलक मिलती है। इसी कड़ी में बेटी वंदना हमारे बिहार की समृद्ध संस्कृति का आचरण करने की प्रेरणा देगी तथा मतिभ्रष्ट एवं पथभ्रष्ट भाजपा नेताओं को सही पथ पर आने के लिए प्रेरित करेगी।

Share This Article