जेआरडी स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में 25वीं स्टेट पारा एथलेटिक व छठवीं स्टेट पारा बैडमिंटन चैंपियनशिप का शुभारंभ

Raj Sharma
2 Min Read

जमशेदपुर

जेआरडी स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स परिसर में दो दिवसीय 25वीं स्टेट पारा एथलेटिक चैंपियनशिप 2026 एवं छठवीं स्टेट पारा बैडमिंटन चैंपियनशिप 2026 का भव्य शुभारंभ शुक्रवार को हुआ। उद्घाटन समारोह पूर्वाह्न 9 बजे आयोजित किया गया, जिसमें मुख्य अतिथि चीफ स्पोर्ट्स टाटा स्टील, मुकुल विनायक चौधरी ने दीप प्रज्वलित कर प्रतियोगिता का विधिवत उद्घाटन किया।

इस अवसर पर पूर्वी सिंहभूम जिला पैरालंपिक संगठन की अध्यक्ष पूर्वी घोष ने मुख्य अतिथि को शॉल, गुलदस्ता एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। साथ ही उपस्थित विशिष्ट अतिथियों का भी पुष्पगुच्छ एवं स्मृति चिन्ह देकर अभिनंदन किया गया। अध्यक्ष पूर्वी घोष ने स्वागत संबोधन दिया, जबकि प्रतिवेदन सचिन जगन्नाथ बहराने ने प्रस्तुत किया। कार्यक्रम का संचालन श्याम शर्मा ने किया।

उद्घाटन समारोह में विशिष्ट अतिथि के रूप में रोटरी क्लब जमशेदपुर की अध्यक्ष डॉ. रेणुका चौधरी, इनर व्हील क्लब की अध्यक्ष एग्नेश ब्याल एवं पूर्व अध्यक्ष विनीत शाह उपस्थित रहीं।

मुख्य अतिथि मुकुल विनायक चौधरी ने अपने संबोधन में दिव्यांग खिलाड़ियों के उत्साह, जज्बे और आत्मविश्वास की सराहना की। उन्होंने खिलाड़ियों को बेहतर प्रदर्शन एवं आगामी राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में झारखंड का नाम रोशन करने के लिए शुभकामनाएं दीं तथा पहली बार राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के सफल आयोजन पर पूर्वी सिंहभूम पैरालंपिक एसोसिएशन को बधाई दी।

प्रतियोगिता के दौरान लायंस क्लब जमशेदपुर की अध्यक्ष आरती पांडे, सचिव आलोक स्कंध, एडमिनिस्ट्रेटर मारूफ मेहता, डॉ. रघुमनी, पूर्व अध्यक्ष अजय पांडे, इंद्राणी बंदोपाध्याय एवं प्रदीप बंदोपाध्याय ने विजेता खिलाड़ियों को पदक व प्रमाण पत्र प्रदान किए। इस अवसर पर अध्यक्ष आरती पांडे को विशेष रूप से अंगवस्त्र व स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया।

प्रतियोगिता में झारखंड के विभिन्न जिलों से आए खिलाड़ियों ने भाग लिया। पहले दिन एथलेटिक्स की 16 स्पर्धाओं तथा पारा बैडमिंटन की सिंगल्स एवं डबल्स स्पर्धाएं संपन्न हुईं।

चैंपियनशिप के सफल आयोजन में पूर्वी सिंहभूम पैरालंपिक एसोसिएशन के पदाधिकारियों, सदस्यों, 20 तकनीकी अधिकारियों एवं झारखंड स्टेट पैरालंपिक कमेटी के पदाधिकारियों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।

 

Share This Article