सरायकेला–खरसावाँ :
आरसीडी गेस्ट हाउस में उपायुक्त–एसपी की संयुक्त ब्रीफिंग, सुरक्षा से लेकर यातायात तक हर पहलू की बारीकी से समीक्षा
सरायकेला–खरसावाँ :शहीद दिवस के अवसर पर 01 जनवरी 2026 को खरसावाँ स्थित शहीद स्थल पर माननीय मुख्यमंत्री के प्रस्तावित आगमन को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क एवं सक्रिय नजर आ रहा है। इसी क्रम में बुधवार को आरसीडी गेस्ट हाउस, सरायकेला में उपायुक्त श्री नितिश कुमार सिंह एवं पुलिस अधीक्षक श्री मुकेश कुमार लूणायत की संयुक्त अध्यक्षता में सभी प्रतिनियुक्त दण्डाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी एवं पुलिस बलों की महत्वपूर्ण ब्रीफिंग आयोजित की गई।
ब्रीफिंग के दौरान उपायुक्त एवं पुलिस अधीक्षक ने कार्यक्रम की अत्यधिक संवेदनशीलता और ऐतिहासिक महत्व को ध्यान में रखते हुए सुरक्षा, प्रोटोकॉल, यातायात प्रबंधन, भीड़ नियंत्रण, आपातकालीन व्यवस्था तथा विभिन्न विभागों के बीच समन्वय को लेकर स्पष्ट दिशा-निर्देश जारी किए। उन्होंने कहा कि शहीद दिवस केवल एक कार्यक्रम नहीं बल्कि शहीदों के प्रति श्रद्धा और सम्मान का प्रतीक है, इसलिए किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
सुबह 6 बजे तक ड्यूटी स्थल पर पहुंचने का निर्देश
सभी प्रतिनियुक्त दण्डाधिकारियों एवं पुलिस पदाधिकारियों को निर्देशित किया गया कि वे प्रातः 06:00 बजे तक अपने-अपने प्रतिनियुक्ति स्थलों पर अनिवार्य रूप से उपस्थित रहें और पूर्ण सतर्कता, संवेदनशीलता एवं कर्तव्यनिष्ठा के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन सुनिश्चित करें। अधिकारियों को यह भी निर्देश दिया गया कि कार्यक्रम में शामिल होने वाले श्रद्धालुओं के साथ सहयोगात्मक, मर्यादित एवं शालीन व्यवहार बनाए रखें, ताकि किसी भी श्रद्धालु की भावना आहत न हो।

जूता–चप्पल स्टैंड और पार्किंग व्यवस्था पर विशेष जोर
श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए निर्देश दिया गया कि सभी आगंतुक केवल निर्धारित जूता–चप्पल स्टैंड में ही अपने जूते-चप्पल रखें। वहीं, सभी प्रकार के वाहनों को केवल निर्धारित पार्किंग स्थलों में ही खड़ा किया जाएगा, ताकि आवागमन सुचारू रहे और किसी प्रकार की अव्यवस्था उत्पन्न न हो।
यातायात प्रबंधन को लेकर सख्त निर्देश
यातायात व्यवस्था को लेकर अधिकारियों को निर्धारित रूट चार्ट के अनुसार संचालन सुनिश्चित करने, आवश्यकता पड़ने पर मार्गों के नियंत्रण अथवा परिवर्तन, पार्किंग स्थलों की सतत निगरानी तथा किसी भी आपात स्थिति में त्वरित और प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। प्रशासन का लक्ष्य है कि कार्यक्रम के दौरान आम जनता को न्यूनतम असुविधा हो।
स्थलीय निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की समीक्षा
ब्रीफिंग के उपरांत उपायुक्त एवं पुलिस अधीक्षक सहित वरिष्ठ अधिकारियों ने कार्यक्रम स्थल, आगमन मार्गों, सुरक्षा व्यवस्था, यातायात संचालन एवं अन्य तैयारियों का स्थलीय निरीक्षण भी किया। निरीक्षण के दौरान संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक सुधारात्मक एवं अनुपालन संबंधी दिशा-निर्देश दिए गए, ताकि शहीद दिवस का आयोजन शांतिपूर्ण, गरिमामय एवं सुव्यवस्थित रूप से संपन्न हो सके।
कई वरिष्ठ अधिकारी रहे उपस्थित
इस अवसर पर उप विकास आयुक्त सुश्री रीना हासदा, परियोजना निदेशक (DRDA) श्री अजय तिर्की, अपर उपायुक्त श्री जयवर्धन कुमार, अनुमंडल पदाधिकारी सरायकेला, पुलिस उपाधीक्षक मुख्यालय सहित विभिन्न विभागों के वरीय पदाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी एवं अन्य कर्मी उपस्थित रहे।





