वोट की राजनीति करना ही जेएमएम और कांग्रेस का उद्देश्य : सुदेश महतो

4 Min Read
  • साढ़े चार साल में झारखंड ने बहुत कुछ खोया, और बहुत सहा
  • आजसू पार्टी का मिलन समारोह आयोजित, कई व्यवसायियों और युवाओं ने थामा पार्टी का दामन
  • चंद्र प्रकाश चौधरी कल दाखिल करेंगे नामांकन

K. Durga Rao

रांची : चुनाव और वोट की राजनीति करना ही जेएमएम-कांग्रेस का उद्देश्य रह गया है। जेएमएम- कांग्रेस की सरकार के साढ़े चार साल होने को हैं। इस दौरान राज्य ने बहुत कुछ खोया और सहा। अब वादाखिलाफी सरकार की विदाई का वक्त आया है। उक्त बातें पार्टी अध्यक्ष सुदेश कुमार महतो ने हरमू स्थित केंद्रीय कार्यालय में आयोजित मिलन समारोह में कही। इस दौरान मैट्रिक्स क्रॉप केअर प्राइवेट लिमिटेड के प्रबंध निदेशक नवीन कुमार, निदेशक सतेंद्र कुमार नारायण समेत कई युवाओं ने पार्टी की सदस्यता ग्रहण की।

सुदेश कुमार महतो ने कहा कि सरकारी संरक्षण में खनिज संपदाओं का दोहन बदस्तूर जारी है और इसने इतिहास बना दिया है। सरकार के पास युवाओं के नियोजन, सूखे खेतों में सिंचाई का प्रबंध करने के लिए कोई प्लान नहीं है। जिसका परिणाम है जनता, किसान, युवा सभी असहाय महसूस कर रहे हैं। राज्य में चौतरफा निराशा है।

मौके पर पार्टी की सदस्यता ग्रहण करने वाले नवीन कुमार और उनके समर्थकों का स्वागत करते हुए केंद्रीय अध्यक्ष ने कहा कि जीवन में एक सफल मुकाम हासिल करने के बाद वापस जमीन से जुड़कर काम करने की इच्छाशक्ति बहुत कम लोगों में होती है। नवीन के हमारे साथ जुड़ने से पार्टी में एक नवीन सोच का पदार्पण हुआ है। वहीं पार्टी की सदस्यता ग्रहण करने वाले नवीन कुमार ने कहा कि जब सामाजिक जीवन में आने का निश्चय किया तो सबसे पहले आजसू का नाम जेहन में आया। सुदेश महतो की सोच और व्यक्तित्व से प्रभावित होकर पार्टी में शामिल हो रहा हूं। पार्टी के नीति सिद्धांतों को जन जन तक पहुंचाने का काम करूंगा।

चंद्र प्रकाश चौधरी 11 बजे दाखिल करेंगे नामांकन

गिरिडीह लोकसभा क्षेत्र से एनडीए के आजसू प्रत्याशी चंद्र प्रकाश चौधरी 6 मई की सुबह 11 बजे अपना नामांकन दाखिल करेंगे। नामांकन के उपरांत बोकारो के जैना मोड़ स्थित बांधडीह स्कूल मैदान में जनसभा का आयोजन किया गया है। इस जनसभा को भाजपा प्रदेश प्रभारी लक्ष्मीकांत वाजपेयी, पूर्व मुख्यमंत्री सह भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी, बिहार के उपमुख्यमंत्री सह बिहार भाजपा अध्यक्ष सम्राट चौधरी, पूर्व उपमुख्यमंत्री सह आजसू पार्टी के केंद्रीय अध्यक्ष सुदेश कुमार महतो समेत गठबंधन के कई नेतागण संबोधित करेंगे।

मौके पर मुख्य रूप से केंद्रीय महासचिव ब्रज मोहन कुमार, केंद्रीय सचिव रोहित प्रकाश प्रीत, जितेंद्र सिंह, केंद्रीय कार्यालय सचिव बनमाली मंडल, केंद्रीय प्रवक्ता डॉ.सुधीर यादव, केंद्रीय सह प्रवक्ता ज्ञान सिन्हा, केंद्रीय मीडिया संयोजक परवाज़ खान, केंद्रीय सदस्य शशि रंजन, अभिजीत वर्मा, रांची जिला उपाध्यक्ष सतेंद्र कुमार, अखिल झारखंड बुद्धिजीवी मंच के सदस्य डॉ. साहब आर्यन, युवा आजसू प्रदेश संयोजक गौतम सिंह उपस्थित रहे।

इन्होंने ली सदस्यता

समीर कुमार बागची, राम कृष्ण सिंह, राजीव कुमार सिन्हा, संतोष कुमार सोनी, आयूब अंसारी समेत कई युवाओं ने पार्टी की सदस्यता ग्रहण की।

Share This Article