जमशेदपुर से गंगासागर के लिए 35 श्रद्धालुओं का पहला जत्था रवाना

2 Min Read

जमशेदपुर : गंगासागर में पवित्र स्नान के उद्देश्य से जमशेदपुर से पहला जत्था आज बिष्टुपुर स्थित राम मंदिर से विधिवत रूप से रवाना हुआ। इस जत्थे में कुल 35 श्रद्धालु शामिल हैं, जो बाय रोड गंगासागर के लिए प्रस्थान किए। श्रद्धालुओं में यात्रा को लेकर विशेष उत्साह और श्रद्धा का माहौल देखने को मिला। प्रस्थान से पूर्व राम मंदिर परिसर में भगवान के दर्शन कर सभी ने सुखद और सुरक्षित यात्रा की कामना की।

जानकारी के अनुसार यह जत्था सुबह गंगासागर पहुंचकर पवित्र स्नान करेगा। स्नान के उपरांत श्रद्धालु पूजा-पाठ, दान–धर्म करेंगे तथा कपिल मुनि जी के आश्रम में दर्शन कर उनका आशीर्वाद प्राप्त करेंगे। इसके बाद जत्था इस्कॉन मंदिर में दर्शन-पूजन करेगा। सभी धार्मिक अनुष्ठान पूर्ण करने के पश्चात जत्था पुनः जमशेदपुर के लिए रवाना होगा।

इस पावन तीर्थयात्रा एवं गंगासागर स्नान का नेतृत्व भवानी शंकर गुप्ता कर रहे हैं। जत्थे में नीरज तिवारी, महेश अग्रवाल, महावीर शर्मा, राजू मोदी, सवालमल शर्मा, सुशील अग्रवाल, प्रेम शर्मा, विशाल तिवारी, संजय सिंह, वीरू, अरुण सहित अन्य श्रद्धालु अपने-अपने परिवार के सदस्यों के साथ शामिल हुए हैं। श्रद्धालुओं ने बताया कि गंगासागर का स्नान जीवन में पुण्य और आध्यात्मिक शांति प्रदान करता है, इसी भावना के साथ सभी ने इस यात्रा में सहभागिता की है।

TAGGED:
Share This Article