कैरव गांधी अपहरण कांड का सुखद अंत, 14 दिन बाद सुरक्षित बरामद

Raj Sharma
2 Min Read

जमशेदपुर, संवाददाता।

झारखंड के जमशेदपुर से अपहृत उद्योगपति देवांग गांधी के पुत्र कैरव गांधी को पुलिस ने लगभग 14 दिनों बाद सुरक्षित मुक्त करा लिया है। मंगलवार तड़के उन्हें हजारीबाग जिले के बरही इलाके से बरामद किया गया। इसके बाद पुलिस ने उन्हें उनके परिजनों के हवाले कर दिया।

जानकारी के अनुसार, कैरव गांधी का 13 जनवरी को जमशेदपुर के बिष्टुपुर थाना क्षेत्र से उस समय अपहरण कर लिया गया था, जब वे अपने कार्यालय की ओर जा रहे थे। घटना के बाद पूरे राज्य में सनसनी फैल गई थी और पुलिस पर लगातार दबाव बनाया जा रहा था।

पुलिस सूत्रों के मुताबिक, मंगलवार सुबह करीब 4:30 बजे कैरव गांधी को सुरक्षित बरामद किया गया। प्राथमिक जांच में यह सामने आया है कि अपहरणकर्ताओं ने उन्हें अलग-अलग स्थानों पर रखा था। फिलहाल कैरव की स्थिति सामान्य बताई जा रही है।

मामले को लेकर झारखंड पुलिस की विशेष टीम लगातार छापेमारी कर रही थी। तकनीकी साक्ष्यों और गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस बरही तक पहुंची, जहां से कैरव गांधी को मुक्त कराया गया।

कैरव की सुरक्षित वापसी के बाद परिवारजनों ने राहत की सांस ली है। वहीं शहर के व्यापारिक और सामाजिक संगठनों ने पुलिस की कार्रवाई की सराहना की है। पुलिस का कहना है कि अपहरण में शामिल आरोपियों की पहचान कर ली गई है और उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।

फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहन जांच कर रही है और जल्द ही इस कांड का खुलासा किए जाने की संभावना है।

 

Share This Article