सरायकेला
सरायकेला छऊ आर्टिस्ट एसोसिएशन की ओर से आज नवनियुक्त अनुमंडल पदाधिकारी-सह-सचिव, राजकीय छऊ नृत्य कला केंद्र सरायकेला अभिनव प्रकाश (आईएएस) का गरिमामय स्वागत एवं अभिनंदन समारोह आयोजित किया गया। इस अवसर पर एसोसिएशन के पदाधिकारियों एवं कलाकारों ने पुष्पगुच्छ, छऊ मोमेंटो तथा पारंपरिक साल-ओडाकर (शॉल) भेंट कर उनका हार्दिक स्वागत किया।
समारोह के दौरान एसोसिएशन के संरक्षक मनोज चौधरी ने विश्व-विख्यात सरायकेला छऊ नृत्य की ऐतिहासिक पृष्ठभूमि, इसकी समृद्ध परंपरा और अंतरराष्ट्रीय पहचान पर प्रकाश डालते हुए संक्षिप्त परिचय प्रस्तुत किया। उन्होंने कहा कि सरायकेला छऊ नृत्य केवल एक कला नहीं, बल्कि इस क्षेत्र की सांस्कृतिक पहचान और गौरव है।
एसोसिएशन के अध्यक्ष भोला माहनती ने अपने संबोधन में नवनियुक्त पदाधिकारी के प्रति विश्वास व्यक्त करते हुए कहा कि उनके कुशल मार्गदर्शन, सकारात्मक सोच और प्रशासनिक सहयोग से सरायकेला छऊ नृत्य शैली को नई दिशा और नई ऊँचाइयाँ प्राप्त होंगी। उन्होंने छऊ कलाकारों के संरक्षण, प्रशिक्षण और मंचीय अवसरों के विस्तार की आवश्यकता पर भी जोर दिया।
इस शिष्टाचार मुलाकात में राजकीय छऊ नृत्य कला केंद्र के समन्वयक सुदीप कबी, एस.एन.ए. अवार्डी गुरु ब्रजेन्द्र पटनायक, गुरु तरुण भोल, गुरु आशीष कर, वरिष्ठ कलाकार गजेंद्र महंती, निवारण महतो, अबिनाश कबी, कृष्णा राना, राकेश कबी सहित अनेक अनुभवी एवं युवा कलाकार उपस्थित रहे।
नवनियुक्त अनुमंडल पदाधिकारी-सह-सचिव श्री अभिनव प्रकाश ने कलाकारों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सरायकेला छऊ नृत्य की परंपरा को संरक्षित करने और इसे राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय स्तर पर और अधिक पहचान दिलाने के लिए हर संभव सहयोग दिया जाएगा। उन्होंने कलाकारों के सुझावों को गंभीरता से सुनने और सांस्कृतिक गतिविधियों को बढ़ावा देने का आश्वासन भी दिया।
कार्यक्रम सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ और अंत में छऊ कला के उज्ज्वल भविष्य की कामना के साथ समारोह का समापन किया गया।





