जमशेदपुर:
सीतारामडेरा थाना क्षेत्र में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं पर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन अलग-अलग मामलों का सफलतापूर्वक उद्भेदन किया है। इस कार्रवाई में पुलिस ने पांच शातिर चोरों को गिरफ्तार कर उनके पास से चोरी गया सामान भी बरामद किया है। पुलिस की इस कार्रवाई से स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली है।
पुलिस के अनुसार, भुइयांडीह स्थित छायानगर ह्यूमपाइप क्षेत्र में बीते कुछ दिनों के भीतर गैरेज, फर्नीचर दुकान एवं अन्य स्थानों पर चोरी की घटनाएं सामने आई थीं। बढ़ती वारदातों को गंभीरता से लेते हुए सीतारामडेरा थाना प्रभारी के निर्देश पर विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया।
तकनीकी अनुसंधान, गुप्त सूचना एवं लगातार छापेमारी के बाद पुलिस ने गुर्जर भुइयां, गौरव भुइयां उर्फ चोटी भुइयां, घोल्टू भुइयां, सोनू भुइयां एवं गणेश भुइयां को गिरफ्तार किया। सभी आरोपी ह्यूमपाइप इंद्रानगर क्षेत्र के निवासी बताए जा रहे हैं।
पुलिस जांच में सामने आया है कि गिरफ्तार आरोपी पहले भी चोरी, गृहभेदन एवं अन्य आपराधिक मामलों में संलिप्त रह चुके हैं। आरोपियों की निशानदेही पर चोरी गए सामान को भी बरामद कर लिया गया है। सभी आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया पूरी की जा रही है।
सीतारामडेरा थाना पुलिस ने स्पष्ट किया है कि क्षेत्र में अपराध पर नियंत्रण के लिए लगातार अभियान चलाया जाएगा और किसी भी आपराधिक गतिविधि में संलिप्त लोगों को बख्शा नहीं जाएगा।





