जमशेदपुर प्रखंड पंचायत समिति की बैठक में अधिकारियों की गैरमौजूदगी पर बवाल l

Raj Sharma
3 Min Read

जमशेदपुर प्रखंड पंचायत समिति की बैठक में अधिकारियों की गैरमौजूदगी पर बवाल l

जमशेदपुर :
जमशेदपुर प्रखंड पंचायत समिति भवन में मंगलवार को आयोजित सामान्य पंचायत समिति की मासिक बैठक उस समय हंगामेदार हो गई, जब अधिकांश विभागीय पदाधिकारी बैठक से अनुपस्थित पाए गए। बैठक की अध्यक्षता प्रमुख पानी सोरेन ने की। बैठक में प्रखंड विकास पदाधिकारी सुमित प्रकाश, उप प्रमुख शिवकुमार हांसदा, पंचायत समिति सदस्य एवं विभिन्न पंचायतों के मुखिया उपस्थित रहे।

बैठक की कार्रवाई दोपहर 12 बजे निर्धारित थी, लेकिन केवल 6 विभागीय पदाधिकारियों की उपस्थिति और 22 विभागीय पदाधिकारियों की अनुपस्थिति से नाराज़ पंचायत समिति सदस्यों ने कड़ा विरोध जताया। सदस्यों ने बैठक के बहिष्कार की चेतावनी देते हुए अधिकारियों की लापरवाही पर सवाल उठाए, जिससे कुछ देर तक बैठक में शोर-शराबा की स्थिति बनी रही।

स्थिति को नियंत्रित करते हुए प्रखंड विकास कार्यालय के पदाधिकारी ने उपस्थित विभागीय अधिकारियों से संबंधित पंचायतों के मुद्दों पर चर्चा शुरू कराने का प्रस्ताव रखा। इसके बाद पंचायत समिति सदस्यों को शांत कराया गया और लगभग डेढ़ घंटे की देरी से दोपहर 1:30 बजे बैठक की औपचारिक कार्रवाई प्रारंभ हुई।

बैठक में स्वास्थ्य, शिक्षा, पीएचईडी, बाल विकास परियोजना, कल्याण तथा जेएसएलपीएस विभाग के अधिकारियों से पंचायत समिति सदस्यों ने क्रमवार प्रश्न पूछे, जिनका संबंधित अधिकारियों ने जवाब दिया।

पंचायत समिति सदस्य सुनील गुप्ता ने बागबेड़ा कॉलोनी में स्थायी कचरा उठाव व्यवस्था को लेकर ग्राम सभा की तिथि निर्धारित करने की मांग प्रखंड विकास पदाधिकारी से की। वहीं पंचायत समिति सदस्य किशोर सिंह ने अपने पंचायत क्षेत्र में ग्राम सभा आयोजित करने हेतु तिथि तय करने की बात रखी।

इस पर प्रखंड विकास पदाधिकारी सुमित प्रकाश ने बागबेड़ा क्षेत्र के लिए सामूहिक ग्राम सभा आयोजित करने की तिथि तय करने तथा स्वयं ग्राम प्रधान के साथ बैठक में शामिल होने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि ग्राम सभा के आयोजन के बाद आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

इसके अलावा पंचायत समिति सदस्यों ने जेएसएलपीएस के पदाधिकारी से पंचायत प्रतिनिधियों के साथ संयुक्त बैठक आयोजित करने की मांग की। वहीं पीएचईडी विभाग से बागबेड़ा वृहद ग्रामीण जलापूर्ति योजना, छोटा गोविंदपुर जलापूर्ति योजना एवं बागबेड़ा हाउसिंग कॉलोनी जलापूर्ति योजना से जुड़ी समस्याओं के शीघ्र समाधान की मांग रखी गई।

बैठक में प्रखंड विकास कार्यालय के पदाधिकारी, पंचायत समिति सदस्य एवं विभिन्न पंचायतों के मुखिया उपस्थित रहे।

Share This Article