VB-G राम जी बिल के खिलाफ झामुमो का विरोध प्रदर्शन, दुमका में एकदिवसीय धरना

Raj Sharma
2 Min Read

Mohit Kumar

दुमका : महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना (मनरेगा) के स्थान पर लाए गए नए कानून के खिलाफ झारखंड की सत्ताधारी पार्टी झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) ने आंदोलन शुरू कर दिया है। केंद्र सरकार द्वारा पारित विकसित भारत गारंटी फॉर रोजगार एंड आजीविका मिशन (ग्रामीण) – VB-G राम जी बिल 2025 के विरोध में शनिवार को झामुमो जिला इकाई ने पुराना समाहरणालय, दुमका के समक्ष एकदिवसीय धरना दिया।

यह धरना झामुमो की केंद्रीय कमेटी के आह्वान पर आयोजित किया गया, जिसकी अगुवाई जिला अध्यक्ष शिव कुमार बास्की ने की। धरने को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि मनरेगा से महात्मा गांधी का नाम हटाकर लाया गया यह नया कानून मजदूरों के अधिकारों पर सीधा हमला है। उन्होंने आरोप लगाया कि यह बिल ग्रामीण गरीबों, श्रमिकों और आदिवासी समाज के हितों के खिलाफ है।

मसलिया प्रखंड अध्यक्ष सह प्रमुख बासुदेव टुडू ने केंद्र सरकार पर तानाशाही रवैया अपनाने का आरोप लगाते हुए कहा कि झामुमो गरीबों, आदिवासियों और पिछड़े वर्गों के अधिकारों की रक्षा के लिए लगातार संघर्ष करता रहेगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि जब तक यह बिल वापस नहीं लिया जाता, आंदोलन जारी रहेगा।

धरना सभा को जामा प्रखंड अध्यक्ष विभीषण टुडू, चुंडा, मुर्तुजा समेत कई प्रखंड अध्यक्षों और पार्टी नेताओं ने भी संबोधित किया।

गौरतलब है कि VB-G राम जी बिल संसद के शीतकालीन सत्र के दौरान भारी हंगामे और विपक्ष के विरोध के बीच 18 दिसंबर 2025 को पारित किया गया था। इसके बाद 21 दिसंबर 2025 को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने इस बिल को मंजूरी दी, जिसके साथ ही यह कानून बन गया। यह नया कानून अब MGNREGA की जगह लागू किया जाएगा।

Share This Article