कुमकुम श्रीवास्तव को वोट देने की अपील के साथ विकास सिंह का हमला, सरयू राय के वादों और ट्रस्ट पर उठाए सवाल

3 Min Read

जमशेदपुर : भाजपा के पूर्व नेता विकास सिंह ने मतदाताओं से अपील करते हुए कहा कि वे मानगो महापौर पद के लिए प्रत्याशी कुमकुम श्रीवास्तव को छड़ी छाप पर भारी मतों से विजयी बनाएं। उन्होंने कहा कि वर्तमान राजनीतिक माहौल में जनता को ऐसे उम्मीदवार का समर्थन करना चाहिए जो विवादों से दूर हो और क्षेत्र के विकास के लिए समर्पित हो।

इसके साथ ही विकास सिंह ने विधायक सरयू राय पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि चुनाव जीते 15 महीने बीत चुके हैं, लेकिन अब तक उनके प्रमुख वादों की स्थिति स्पष्ट नहीं है। उन्होंने सवाल उठाया कि जनता को बताया जाए कि किन-किन मुद्दों पर काम हुआ और कौन से वादे अधूरे हैं।

उन्होंने आरोप लगाया कि बन्ना गुप्ता के चचेरे साले द्वारा बनाए गए कथित अवैध लोटस अपार्टमेंट को लेकर आज जो बातें कही जा रही हैं, उस पर इतने समय में क्या कार्रवाई हुई-यह भी सामने आना चाहिए। विकास सिंह ने कहा कि मानगो को साफ रखने के लिए नगर निगम द्वारा क्षेत्र को नौ हिस्सों में बांटा गया, लेकिन अधिकतर ठेकेदार विधायक के करीबी बताए जाते हैं। शंकोसाई और एनएच-33 के बाद की बस्तियों की बदहाल स्थिति का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि यहां कार्य कर रहे संवेदकों की जवाबदेही तय नहीं की गई।

उन्होंने यह भी कहा कि चुनाव के समय ही नेताओं को बन्ना गुप्ता का कथित भ्रष्टाचार दिखाई देता है, जबकि पहले सब मौन रहते हैं। विकास सिंह ने आरोप लगाया कि पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास को लेकर माहौल बनाकर चुनावी लाभ लिया गया, लेकिन जीत के बाद मुख्य मुद्दों को प्राथमिकता नहीं दी गई।

उन्होंने पश्चिम जमशेदपुर में चुनाव के दौरान किए गए वादों का भी उल्लेख करते हुए कहा कि कदमा के डी-फ्लैट के पास टाटा स्टील की घेराबंदी हटाने की बात कही गई थी, लेकिन 15 महीने बाद भी उस दिशा में कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया।

स्वर्णरेखा विकास ट्रस्ट को लेकर भी विकास सिंह ने सवाल खड़े किए। उनका कहना था कि ट्रस्ट में मुख्य ट्रस्टी के रूप में विधायक के बेटे और भतीजे को शामिल किया गया है, जबकि सार्वजनिक मंचों पर परिवारवाद के खिलाफ बयान दिए जाते हैं।

अंत में उन्होंने कहा कि एनडीए और इंडिया गठबंधन के बीच आरोप-प्रत्यारोप की राजनीति जारी है, लेकिन जनता को विकास और निष्पक्ष नेतृत्व को प्राथमिकता देनी चाहिए और उसी सोच के साथ कुमकुम श्रीवास्तव को समर्थन देना जरूरी है।

Share This Article