Weather Update: झारखंड में बारिश से हाहाकार – कई जिलों में रेड अलर्ट जारी

2 Min Read

जमशेदपुर ( के दुर्गा राव/ ललित प्रेम): झारखंड में लगातार हो रही भारी बारिश ने लोगों का जीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है। पिछले दो दिनों से मूसलाधार बारिश के कारण जगह-जगह सड़कें पानी में डूब गई हैं, पुलों-घरों को नुकसान पहुंचा है और पेड़ों के गिरने से यातायात बाधित हो रहा है। नदियों और नालों का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है जिससे निचले इलाकों में बाढ़ का खतरा मंडरा रहा है।

भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) रांची केंद्र ने साफ चेतावनी दी है कि अगले तीन दिनों तक राहत की कोई संभावना नहीं है। विभाग ने पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम, सिमडेगा, सरायकेला-खरसावां, खूंटी, लोहरदगा और लातेहार जिलों में ‘रेड अलर्ट’ घोषित किया है। इन क्षेत्रों में भारी से अति भारी वर्षा की संभावना जताई गई है।

मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक गंगा के तटीय इलाकों और पश्चिम बंगाल के पास बने निम्न दबाव क्षेत्र के कारण राज्य में लगातार बारिश हो रही है। यह सिस्टम अगले 24 घंटों में पश्चिम और उत्तर-पश्चिम की ओर बढ़ सकता है, जिससे 2–3 दिन तक झारखंड में जोरदार बारिश जारी रहने की संभावना है।

चांडिल डैम का जलस्तर खतरनाक सीमा पर

लगातार बारिश के कारण चांडिल डैम का जलस्तर खतरे के निशान तक पहुंच गया। प्रभावित गांवों से स्थिति की जानकारी मिलने पर विधायक सविता महतो ने तत्काल प्रशासन से बातचीत की। प्रशासन की कार्रवाई के बाद डैम के कुल 11 रेडियल गेट खोले गए – जिनमें से 5 गेट 2.5 मीटर और 6 गेट 1.5 मीटर तक खोले गए हैं। वर्तमान में डैम का जलस्तर 181.22 मीटर दर्ज किया गया।

गेट खोलने के बाद बड़ी मात्रा में पानी सुवर्णरेखा नदी में छोड़ा गया, जिससे नदी का बहाव काफी तेज हो गया है। रविवार शाम विधायक सविता महतो ने खुद डैम स्थल पर जाकर हालात का जायजा लिया। इस दौरान कई स्थानीय नेता और अधिकारी भी मौजूद थे।

जनता से अपील

  • निचले इलाकों में रहने वाले लोग सतर्क रहें।

  • अनावश्यक रूप से नदियों और डूबे इलाकों की ओर न जाएं।

  • प्रशासन की ओर से मिलने वाले निर्देशों का पालन करें।

Share This Article