कार और ट्रैक्टर के बीच हुई टक्कर, तीन टुकड़ों में बंटा ट्रैक्टर, चालक गंभीर रूप से घायल, टीएमएच में चल रहा इलाज

2 Min Read

K. Durga Rao

चांडिल: थाना अंर्तगत भादुडीह के समीप टाटा-रांची राष्ट्रीय राजमार्ग 33 पर सोमवार की सुबह करीब 9 बजे के आस-पास एक एचएमटी ट्रैक्टर और स्विफ्ट कार में जबरदस्त टक्कर हो गई। उक्त सड़क दुर्घटना में एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को उपचार के लिए टीएमएच ले जाया गया, जहां उसकी स्थिति नाजुक बनी हुई है। मिली जानकारी के अनुसार भादुडीह के समीप एनएच 33 पर एक स्विफ्ट कार (यूपी16एसी 3154) और एचएमटी ट्रैक्टर के बीच जोरदार टक्कर हुई। टक्कर इतनी जोरदार थी की एचएमटी ट्रैक्टर का इंजन कुल तीन हिस्सों में बंट गया। इस दुर्घटना में ट्रैक्टर का चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल चालक को ईलाज के लिए टीएमएच भेजा गया, जहां उसकी स्थिति गंभीर बनी हुई है।

बताया जा रहा है कि कार पर एक महिला दो बच्चे समेत कुल चार लोग सवार थे। कार चांडिल से जमशेदपुर की ओर जा रही थी। इसी दौरान भादुडीह केनाल के पास पीछे से कार चालक ने ट्रैक्टर को टक्कर मार दी, जिससे यह भीषण दुर्घटना घटी। दुर्घटना की सूचना मिलते ही चांडिल थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। इस संबंध में चांडिल थाना प्रभारी वरूण यादव ने बताया कि दुर्घटना में ट्रैक्टर चालक गंभीर रूप से घायल हुआ है। उसे इलाज के लिए टीएमएच जमशेदपुर भेज दिया गया है। कार पर सवार लोगों को हल्की चोटे आई है।

Share This Article