- मीरुडीह, गोकुलनगर और कुलुपटांगा में बिजली की बदहाल व्यवस्था को लेकर उठी आवाज,
- अधिकारी ने जल्द समाधान का दिया आश्वासन
आदित्यपुर : आदित्यपुर नगर परिषद के पूर्व उपाध्यक्ष पुरेन्द्र नारायण सिंह के नेतृत्व में गोकुलनगर, मीरुडीह और कुलुपटांगा में विद्युत व्यवस्था सुधारने की मांग को लेकर जियाडा भवन स्थित विद्युत अधीक्षण अभियंता कार्यालय के सामने जोरदार प्रदर्शन किया गया।
आदित्यपुर-गम्हरिया विकास समिति के प्रतिनिधिमंडल ने नारेबाजी करते हुए एसई सुधीर कुमार को विस्तृत मांग पत्र सौंपा, जिसमें क्षेत्र की बिजली समस्याओं को लेकर गंभीर चिंता जताई गई।
मीरुडीह में अंधेरे में डूबे 80 से अधिक घर, ट्रांसफार्मर जला, पोल की भी भारी कमी
पूर्व उपाध्यक्ष सिंह ने बताया कि मीरुडीह पुरानी बस्ती में 5 जुलाई से ट्रांसफार्मर जला पड़ा है, जिससे 80 से ज्यादा घरों में अंधेरा है। यहां बिजली के पोल न होने के कारण लोग बांस के सहारे बिजली उपयोग करने को मजबूर हैं, जिससे बरसात के समय जानलेवा हादसों की आशंका बनी रहती है। मांग पत्र में 30 नए पोल और 100 केवीए ट्रांसफार्मर लगाने की मांग की गई, जिस पर एसई ने तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए।
बिहारी बस्ती में केबलिंग रुकी, मीटर और कंज्यूमर नंबर भी लंबित
मीरुडीह बिहारी बस्ती में 400 पोल लगाए गए हैं, लेकिन अब तक केबलिंग का काम नहीं हुआ। सिंह ने 200 अतिरिक्त पोल और तत्काल केबलिंग कार्य शुरू कराने की मांग की। साथ ही बताया कि 15 लोगों ने आवेदन शुल्क जमा कर दिया, फिर भी मीटर और कंज्यूमर नंबर नहीं मिले।
कुलुपटांगा में झुका हुआ पोल बन रहा खतरा
वार्ड-35 स्थित कुलुपटांगा बस्ती में सुकुरमुनि देवी के घर के पास पीसीसी पोल खतरनाक तरीके से झुक गया है, जो किसी भी समय बड़ी दुर्घटना का कारण बन सकता है। इसके अलावा डॉ. छोटू की गली में 5 पीसीसी पोल और केबल लगाने की भी मांग की गई।
गोकुलनगर में 50 से अधिक परिवार बांस से खींच रहे बिजली
गोकुलनगर (वार्ड-24) में बिजली व्यवस्था पूरी तरह चरमराई हुई है। यहां 35 पीसीसी पोल और केबलिंग की आवश्यकता बताई गई है। 50 से ज्यादा घर बांस के सहारे बिजली कनेक्शन लेकर जीवन यापन कर रहे हैं, जिससे कभी भी दुर्घटना घट सकती है।
एसई ने जताई गंभीरता, शीघ्र समाधान का दिया आश्वासन
विद्युत अधीक्षण अभियंता सुधीर कुमार ने प्रतिनिधिमंडल की शिकायतों को गंभीरता से सुना और कहा कि
“सभी समस्याओं का जल्द समाधान किया जाएगा, और प्राथमिकता के आधार पर ट्रांसफार्मर व पोल की व्यवस्था की जाएगी।”
प्रमुख चेहरे रहे मौजूद
प्रदर्शन में राजद प्रदेश महासचिव देव प्रकाश, विमल दास, राजेश यादव, प्रभास झा, अभिनंदन शर्मा, मुकेश गिरी, शनदेव ठाकुर सहित कई सामाजिक कार्यकर्ता मौजूद थे।






