जमशेदपुर : पूर्वी सिंहभूम सेंट्रल दुर्गा पूजा समिति की कार्यकारिणी की अहम बैठक जमशेदपुर परिसदन में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता समिति के केंद्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मंत्री दुलाल भुइयां ने की।
बैठक में पूरे जिले की दुर्गा पूजा समितियों के साथ तालमेल बनाकर दुर्गा पूजा 2025 को सफल बनाने हेतु महत्वपूर्ण सुझाव और योजनाएँ रखी गईं।
प्रशासन को दिए जाएंगे खास प्रस्ताव
-
वरीय उपाध्यक्ष शंभू चौधरी ने कहा कि समिति जिला प्रशासन से अनुरोध करेगी कि पूजा पंडालों में प्रवेश और निकास द्वारों पर ग्रीन कॉरिडोर बनाया जाए, ताकि आपातकालीन सेवाओं को त्वरित पहुंच मिल सके।
-
खतरनाक क्षेत्रों को रेड जोन चिह्नित किया जाए और विसर्जन घाटों पर पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था के साथ एनडीआरएफ टीम व क्रेन की तैनाती की जाए।
जादूगोड़ा यूसिल डैम की खराब स्थिति पर चिंता
आशीष गुप्ता ने बताया कि हर बार शिकायत के बावजूद यूसिल प्रबंधन द्वारा जादूगोड़ा विसर्जन घाट की सुध नहीं ली जाती। इस बार समिति उपायुक्त को पत्र लिखकर घाट का निर्माण व सुरक्षा प्रबंध कराने की मांग करेगी।
साथ ही ग्रामीण पूजा समितियों को कॉरपोरेट कंपनियों से भोग सामग्री उपलब्ध कराने का भी प्रस्ताव रखा गया।
ट्रैफिक व्यवस्था और नो-इंट्री नियम
जिला परिषद सदस्य खगेन चन्द्र महतो ने कहा कि दुर्गा पूजा के दौरान शहर में भारी वाहनों का प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित हो और इसका कड़ाई से पालन कराया जाए।
नई जिम्मेदारियाँ और अनुशासनात्मक कार्रवाई
बैठक में सर्वसम्मति से प्रख्यात समाजसेवी धर्मेंद्र सोनकर को कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त किया गया। उनका नियुक्ति पत्र पूर्व मंत्री दुलाल भुइयां ने सौंपा। वहीं प्रमोद तिवारी को अनुशासनहीनता के चलते पद से मुक्त किया गया।
बैठक में बड़ी संख्या में सदस्य मौजूद
बैठक को सफल बनाने में दो अनुमंडल और 11 प्रखंडों के पदाधिकारियों व कार्यकारिणी सदस्यों का विशेष योगदान रहा। बैठक का संचालन महासचिव ललन सिंह यादव और धन्यवाद ज्ञापन संयुक्त सचिव राकेश साहू ने किया।






