जमशेदपुर : पूर्वी सिंहभूम जिले के सरकारी स्कूलों की 28 छात्राओं का दल जब इसरो के सतीश धवन अंतरिक्ष केंद्र, श्रीहरिकोटा समेत चेन्नई के ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और तकनीकी स्थलों का शैक्षणिक दौरा पूरा कर लौटा, तो उपायुक्त श्री कर्ण सत्यार्थी ने अपने आवास में सहभोज के दौरान सभी का गर्मजोशी से स्वागत किया।
छात्राओं ने इस प्रेरणादायक यात्रा के अनुभव साझा करते हुए बताया कि पहली बार फ्लाइट में बैठना, एयरपोर्ट देखना और दूसरे राज्य की ऐतिहासिक विरासतों को जानना उनके जीवन में कभी न भूलने वाला अनुभव रहा।
इस तीन दिवसीय यात्रा में छात्राओं ने इसरो वैज्ञानिकों से मिलकर अंतरिक्ष अनुसंधान की बारीकियां समझीं और उपग्रह प्रक्षेपण की प्रक्रिया को करीब से देखा। महाबलीपुरम के मंदिर, संग्रहालय और इंजीनियरिंग संस्थान समेत कोवालम मॉडल स्कूल, एमए चिदम्बरम स्टेडियम, रेलवे म्यूजियम का भ्रमण उनकी वैज्ञानिक, सांस्कृतिक और खेल ज्ञान में अभूतपूर्व वृद्धि लेकर आया। छात्राओं का कहना है कि इस अनुभव ने उनके सोच का दायरा बढ़ाया और वे जीवन में बड़े लक्ष्य पाने के लिए और प्रेरित हुईं।
छात्राओं ने मुख्यमंत्री झारखंड और उपायुक्त को धन्यवाद देते हुए कहा कि ग्रामीण परिवेश से निकलकर इस तरह की यात्रा के लिए मौका मिलना अभूतपूर्व था और इससे उनका आत्मविश्वास और जिज्ञासा दोनों मजबूत हुए। इसके साथ मौजूद उप विकास आयुक्त श्री नागेंद्र पासवान तथा अन्य अधिकारियों और शिक्षकों ने भी छात्राओं को आशीर्वाद दिया।
उपायुक्त श्री कर्ण सत्यार्थी ने कहा कि यह यात्रा सिर्फ एक भ्रमण नहीं बल्कि सपनों को साकार करने की पहली सीढ़ी है। छात्राओं से मिले आत्मविश्वास और उत्साह से यह साबित होता है कि पूर्वी सिंहभूम की प्रतिभा राष्ट्रीय स्तर पर अवश्य चमकेगी। उन्होंने छात्राओं को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएँ दीं।






