जमशेदपुर : सोनारी स्थित बी.एस.एस. प्रणव चिल्ड्रन वर्ल्ड की वार्षिक खेलकूद प्रतियोगिता का आयोजन जॉगर्स पार्क में किया गया। इस अवसर पर विद्यालय परिसर उत्साह, अनुशासन और खेल भावना से सराबोर नजर आया। कार्यक्रम का शुभारंभ ध्वजारोहण के साथ किया गया, जिसके साथ ही वार्षिक खेलकूद प्रतियोगिता का उद्घाटन हुआ।

इस आयोजन में मुख्य अतिथि के रूप में डॉ. रेणुका चौधरी (प्रेसिडेंट, रोटरी क्लब जमशेदपुर) तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में श्री अमरनाथ तिवारी (वर्किंग प्रेसिडेंट, टाटा स्टील यूटिलिटी एंड इंफ्रास्ट्रक्चर सर्विस लिमिटेड, श्रमिक यूनियन) उपस्थित रहे। इसके अलावा विद्यालय अध्यक्ष स्वामी मुक्तात्मा नंद जी महाराज, विद्यालय सचिव स्वामी शुभ्रानंद जी महाराज, प्राचार्या काकाली गुहा सहित कई शिक्षाविद् एवं अन्य अतिथि भी कार्यक्रम में शामिल हुए। अतिथियों का स्वागत पुष्पगुच्छ भेंट कर किया गया।
वार्षिक खेलकूद प्रतियोगिता के तहत विभिन्न खेल स्पर्धाओं का आयोजन किया गया, जिसमें चार हाउस रेड, ब्लू, येलो और ग्रीन के छात्र-छात्राओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। नर्सरी से लेकर छठी कक्षा तक के विद्यार्थियों ने अनुशासित ड्रिल प्रदर्शन कर दर्शकों और अतिथियों का मन मोह लिया। बच्चों के जोश और खेल कौशल ने पूरे आयोजन को जीवंत बना दिया।

प्रतियोगिता के अंत में सर्वश्रेष्ठ एथलीट के रूप में बालक वर्ग में सीनियर वर्ग से मोहित राज और जूनियर वर्ग से अर्पित महतो को सम्मानित किया गया। वहीं बालिका वर्ग में सीनियर श्रेणी में एंजेल धीवर और जूनियर श्रेणी में प्रगति कुमारी को सर्वश्रेष्ठ एथलीट का खिताब प्रदान किया गया। टीम स्पर्धा में येलो हाउस ने शानदार प्रदर्शन करते हुए समग्र विजेता का खिताब अपने नाम किया, जबकि ब्लू हाउस को समग्र उपविजेता घोषित किया गया। सभी विजेता एवं प्रतिभागी बच्चों को मेडल और प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम का सफल संचालन खेल शिक्षक मनीष कुमार और पारमिता मुखोपाध्याय द्वारा किया गया। समापन अवसर पर प्राचार्या काकाली गुहा ने इस सफल आयोजन के लिए विद्यालय के सभी शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं अन्य कर्मचारियों का आभार व्यक्त किया। धन्यवाद ज्ञापन के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।






