जमशेदपुर : जुगसलाई फाटक के समीप स्थित एक पुराने टायर गोदाम में आज अचानक भीषण आग लग गई, जिससे पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। आग इतनी भयावह थी कि गोदाम से उठता काले धुएं का गुबार दूर-दूर तक दिखाई देने लगा।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आग लगने की सूचना मिलते ही आसपास के लोग दहशत में आ गए और तत्काल इसकी जानकारी अग्निशमन विभाग को दी गई। सूचना पाकर दमकल विभाग की कई गाड़ियाँ मौके पर पहुंचीं और आग पर काबू पाने का प्रयास शुरू किया गया।
गोदाम में बड़ी मात्रा में पुराने टायर रखे होने के कारण आग तेजी से फैलती चली गई। टायरों में लगी आग से घना और जहरीला धुआं फैल गया, जिससे आसपास के दुकानदारों और स्थानीय निवासियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। एहतियातन आसपास की दुकानों को बंद कराया गया और लोगों को सुरक्षित दूरी बनाए रखने की अपील की गई।
दमकल कर्मियों की कड़ी मशक्कत के बाद आग को काबू में लाने का प्रयास जारी है। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है, हालांकि शॉर्ट सर्किट या किसी अन्य कारण की आशंका जताई जा रही है।
घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है, लेकिन गोदाम में रखा लाखों रुपये मूल्य का सामान जलकर राख हो जाने की संभावना जताई जा रही है। प्रशासन द्वारा स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।





