जमशेदपु :परसुडीह थाना क्षेत्र अंतर्गत बारिगोड़ा रेलवे फाटक के पास सोमवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में 16 वर्षीय नाबालिग लड़की की मौत हो गई, जबकि एक अन्य किशोरी गंभीर रूप से घायल हो गई। मृतका की पहचान अंजली कुमारी के रूप में की गई है। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और आक्रोशित स्थानीय लोगों ने मुआवजे की मांग को लेकर सड़क जाम कर जमकर हंगामा किया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सोमवार सुबह राहरगोड़ा से साकची की ओर जाने वाली एक मिनी बस बारिगोड़ा रेलवे फाटक के पास खड़ी थी। रेलवे फाटक बंद होने के कारण बस को वहीं रोका गया था। बताया जा रहा है कि बस चालक ने केवल हैंडब्रेक लगाकर बस खड़ी की और स्वयं नीचे उतर गया। इसी दौरान सड़क पर मौजूद ढलान के कारण मिनी बस अचानक पीछे की ओर लुढ़कने लगी।
बस के पीछे स्कूटी पर सवार अंजली कुमारी आ रही थी। अचानक बस के पीछे खिसकने से वह संभल नहीं पाई और बस की चपेट में आ गई। अंजली बस के नीचे दब गई, जिससे उसकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। हादसे में स्कूटी पर सवार एक अन्य किशोरी भी घायल हो गई, जिसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
बताया जा रहा है कि अंजली कुमारी टाटा मोटर्स अस्पताल जा रही थी। स्थानीय लोगों का कहना है कि अंजली ने हेलमेट नहीं पहना था। लोगों का यह भी मानना है कि यदि उसने हेलमेट पहना होता तो शायद उसकी जान बच सकती थी।
घटना की सूचना मिलते ही परसुडीह थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं, घटना से आक्रोशित स्थानीय लोगों ने बस चालक और परिवहन विभाग की लापरवाही का आरोप लगाते हुए मुआवजे की मांग शुरू कर दी। देखते ही देखते सड़क जाम कर दिया गया, जिससे इलाके में यातायात पूरी तरह बाधित हो गया।
पुलिस और प्रशासन के अधिकारी लोगों को समझाने-बुझाने में जुटे हुए हैं। समाचार लिखे जाने तक मुआवजे को लेकर बातचीत जारी थी। पुलिस मामले की जांच कर रही है और बस चालक के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की बात कही जा रही है।





