सरायकेला–खरसावां
पुलिस अधीक्षक सरायकेला–खरसावां के निर्देशानुसार सोमवार को चौका थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम मुटुदा में अफीम की अवैध खेती की रोकथाम को लेकर विशेष अभियान चलाया गया। इस अभियान में चौका थाना पुलिस, एसएसबी मतकमडीह एवं एसएसबी रायजामा के सशस्त्र बलों ने संयुक्त रूप से भाग लिया।
अभियान के दौरान ग्राम मुटुदा के खेतों का भौतिक सत्यापन किया गया, वहीं ड्रोन कैमरे की सहायता से भी पूरे क्षेत्र की निगरानी की गई। सत्यापन के क्रम में पाया गया कि गांव के कुछ खेतों में सरसों, मटर, आलू एवं चना की खेती की गई है, जबकि अधिकांश भूमि परती पाई गई। जांच में अफीम की अवैध खेती का कोई साक्ष्य नहीं मिला।
इस अवसर पर चौका पुलिस द्वारा ग्रामीणों के बीच अफीम की अवैध खेती एवं उसके विक्रय पर रोक से संबंधित जागरूकता अभियान भी चलाया गया। चौका थाना प्रभारी, एसएसबी मतकमडीह एवं एसएसबी रायजामा के अधिकारियों ने ग्रामीणों को अफीम के सेवन और अवैध कारोबार से होने वाले सामाजिक, स्वास्थ्य एवं कानूनी दुष्परिणामों की विस्तृत जानकारी दी।
अधिकारियों ने ग्रामीणों को अफीम के स्थान पर वैकल्पिक एवं लाभकारी खेती अपनाने के लिए प्रेरित किया। इसी क्रम में ग्रामीणों के बीच चना, मटर एवं सरसों के बीज का वितरण किया गया, ताकि उन्हें वैधानिक खेती की ओर प्रोत्साहित किया जा सके।
इसके साथ ही सामुदायिक पुलिसिंग एवं सिविक एक्शन प्रोग्राम के तहत लगभग 100 जरूरतमंद लोगों के बीच कंबल का वितरण किया गया। वहीं बच्चों के बीच पुस्तक, कलम एवं चॉकलेट वितरित कर उन्हें प्रोत्साहित किया गया।
पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया कि अफीम की अवैध खेती एवं कारोबार के विरुद्ध आगे भी सख्त कार्रवाई एवं जागरूकता अभियान लगातार जारी रहेगा।





