आदित्यपुर में झामुमो की चुनावी तैयारी तेज, अटल पार्क में हुई ‘लिट्टी पार्टी’

Raj Sharma
2 Min Read

आदित्यपुर:

सरायकेला-खरसावां जिले के आदित्यपुर में आगामी नगर निकाय चुनाव को लेकर झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) ने अपनी गतिविधियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में झामुमो नगर कमिटी के उपाध्यक्ष राजेश लाहा के नेतृत्व में अटल पार्क में कार्यकर्ताओं के लिए एक विशेष ‘लिट्टी पार्टी’ का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम के दौरान कार्यकर्ताओं ने चुनावी रणनीति पर चर्चा की और पारंपरिक लिट्टी-चोखा का आनंद लिया। आयोजन का उद्देश्य संगठन को मजबूत करने के साथ-साथ कार्यकर्ताओं में आपसी संवाद और उत्साह को बढ़ाना बताया गया।

इस अवसर पर झामुमो के केंद्रीय सदस्य एवं सरायकेला के पूर्व प्रत्याशी गणेश महाली मुख्य रूप से उपस्थित रहे। उन्होंने राज्य की हेमंत सरकार की उपलब्धियों को गिनाते हुए कहा कि “अबुआ सरकार” ने पेसा कानून लागू कर आदिवासियों और मूलवासियों को जल, जंगल और जमीन पर उनका वास्तविक अधिकार दिया है। उन्होंने दावा किया कि पेसा कानून के लागू होने से आदिवासी समाज में खुशी और उत्साह का माहौल है।

चंपई सोरेन पर साधा निशाना, डिबेट की चुनौती स्वीकार

गणेश महाली ने स्थानीय विधायक और पूर्व मुख्यमंत्री चंपई सोरेन पर निशाना साधते हुए कहा कि वे पेसा कानून की आड़ में केवल अपनी राजनीति चमकाने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने चंपई सोरेन द्वारा सरकार को डिबेट की दी गई चुनौती को स्वीकार करते हुए कहा,

“मैं स्वयं पूर्व मुख्यमंत्री के साथ इस मुद्दे पर डिबेट करने को तैयार हूं। पूरे दस्तावेजों और कानूनी प्रावधानों के साथ उनका स्वागत है।”

झामुमो नेताओं ने संकेत दिया कि आने वाले दिनों में नगर निकाय चुनाव को लेकर पार्टी और अधिक जनसंपर्क अभियान चलाएगी।

 

Share This Article