कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय पटमदा में नशा विरोधी जागरूकता कार्यक्रम आयोजित

Raj Sharma
2 Min Read

 

पटमदा। डालसा सचिव कुमार सौरभ त्रिपाठी के निर्देशानुसार तथा नालसा, नई दिल्ली एवं झालसा, रांची के मार्गदर्शन में पटमदा प्रखंड अंतर्गत कार्यरत पी.एल.वी. (अधिकार मित्र) द्वारा नशा के विरुद्ध सात दिवसीय जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के चौथे दिन पीएम श्री कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय, पटमदा (बांगुरदा) में नालसा ड्रग्स आउट 2025 कार्यक्रम के तहत छात्राओं के बीच नशा विरोधी जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम के दौरान छात्राओं को “नशा छोड़ो, जीवन जोड़ो” विषय पर शपथ दिलाई गई। साथ ही नशे से होने वाले शारीरिक, मानसिक एवं सामाजिक दुष्प्रभावों के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। वक्ताओं ने बताया कि नशा न केवल व्यक्ति के स्वास्थ्य को नुकसान पहुंचाता है, बल्कि परिवार और समाज पर भी इसका नकारात्मक प्रभाव पड़ता है।

इस अभियान का मुख्य उद्देश्य युवा पीढ़ी को नशे की लत से बचाना तथा एक स्वस्थ एवं नशा मुक्त समाज का निर्माण करना है। सात दिवसीय इस अभियान के माध्यम से नशा विरोधी संदेश को घर-घर तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है। राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकार का उद्देश्य नशा मुक्त भारत का निर्माण करना है, ताकि आने वाली पीढ़ी सुरक्षित, सशक्त और स्वस्थ भविष्य की ओर अग्रसर हो सके।

Share This Article