जमशेदपुर
भारत मौसम विज्ञान विभाग द्वारा जारी मौसम पूर्वानुमान के अनुसार जिले में अगले कुछ दिनों तक भीषण ठंड एवं शीतलहर की संभावना जताई गई है। न्यूनतम तापमान में भारी गिरावट को देखते हुए जिला प्रशासन ने एहतियातन बड़ा निर्णय लिया है।
उपायुक्त श्री कर्ण सत्यार्थी के आदेशानुसार भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा-163 के तहत पूर्वी सिंहभूम जिले में संचालित सभी सरकारी, अल्पसंख्यक एवं निजी विद्यालयों में नर्सरी से 12वीं तक की कक्षाओं का पठन-पाठन दिनांक 09 जनवरी 2026 से 10 जनवरी 2026 तक स्थगित रहेगा। इस आदेश का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित करने का निर्देश सभी विद्यालय प्रबंधन को दिया गया है।
हालांकि, जिन विद्यालयों में उक्त अवधि के दौरान प्री-बोर्ड परीक्षाएं निर्धारित हैं, वे अपने विवेकानुसार परीक्षा का संचालन कर सकेंगे।
वहीं, सरकारी विद्यालय शिक्षकों के लिए विद्यालय खुले रहेंगे। शिक्षक एवं शिक्षकेत्तर कर्मियों को विद्यालय में उपस्थित होकर eVV पोर्टल पर अपनी उपस्थिति दर्ज करनी होगी तथा विद्यालय से संबंधित गैर-शैक्षणिक कार्यों का निष्पादन करना होगा।
जिला प्रशासन ने अभिभावकों से अपील की है कि बच्चों को ठंड से बचाने के लिए आवश्यक सावधानियां बरतें।





