जमशेदपुर:
उलीडीह थाना क्षेत्र के डिमना रोड एवं सुभाष कॉलोनी इलाके में फर्जी बाबा बनकर लोगों से ठगी करने वाले गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। पुलिस ने इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जो साधु का वेश धारण कर लोगों को झांसे में लेते थे।
प्राप्त जानकारी के अनुसार आरोपी धार्मिक आस्था का सहारा लेकर लोगों को अपनी बातों में फंसाते थे। वे भविष्य बताने, समस्याओं का समाधान करने और पूजा-पाठ के नाम पर खासतौर पर महिलाओं को निशाना बनाते थे। इस दौरान वे सोने के गहने और अन्य कीमती सामान लेकर फरार हो जाते थे।
स्थानीय लोगों को जब आरोपियों की गतिविधियों पर शक हुआ तो उन्होंने उन्हें पकड़ लिया और पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची उलीडीह थाना पुलिस ने दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की। जांच के दौरान यह स्पष्ट हुआ कि आरोपी सुनियोजित तरीके से ठगी की घटनाओं को अंजाम दे रहे थे।
पुलिस ने आरोपियों के पास से कुछ संदिग्ध सामान भी बरामद किया है और यह आशंका जताई जा रही है कि इनके खिलाफ अन्य क्षेत्रों में भी ठगी के मामले दर्ज हो सकते हैं। पुलिस पूरे नेटवर्क की जांच में जुटी हुई है।
उलीडीह थाना पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी अनजान व्यक्ति पर, चाहे वह धार्मिक वेश में ही क्यों न हो, आंख मूंदकर भरोसा न करें। किसी भी तरह की संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।





