जमशेदपुर। जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त नितिश कुमार सिंह के निर्देशानुसार नगरपालिका निर्वाचन–2026 के सफल एवं पारदर्शी संचालन को लेकर गठित विभिन्न कोषांगों को चरणबद्ध तरीके से प्रशिक्षण दिया जा रहा है। इसी क्रम में मंगलवार को समाहरणालय सभागार में मीडिया सर्टिफिकेशन एवं मॉनिटरिंग कमिटी (MCMC) के लिए विशेष प्रशिक्षण सत्र का आयोजन किया गया।
प्रशिक्षण सत्र में मास्टर ट्रेनर प्रभाशंकर तिवारी एवं तरुण कुमार सिंह ने MCMC कमिटी की भूमिका और दायित्वों पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि राजनीतिक विज्ञापनों के प्रकाशन से पूर्व विज्ञापन सामग्री का प्रमाणीकरण, पेड न्यूज की पहचान, तथा संबंधित राजनीतिक दलों एवं उम्मीदवारों के व्यय खाते में विज्ञापन खर्च जोड़ना MCMC की प्रमुख जिम्मेदारियों में शामिल है।
सत्र के दौरान सोशल मीडिया के माध्यम से चुनाव प्रचार के लिए निर्धारित मापदंडों, विज्ञापन प्रमाणीकरण की प्रक्रिया, आवेदकों द्वारा समर्पित विज्ञापन सामग्री की स्क्रूटनी, निर्धारित समय-सीमा के भीतर निष्पादन, प्रमाणीकरण प्रमाण पत्र निर्गत करने की प्रक्रिया पर भी विस्तृत चर्चा की गई। साथ ही विज्ञापनों से संबंधित व्यय विवरण को व्यय कोषांग को प्रेषित कर उम्मीदवार अथवा राजनीतिक दल के व्यय खाते में जोड़ने तथा निर्वाचन आयोग को भेजे जाने वाले दैनिक एवं साप्ताहिक प्रतिवेदन की प्रक्रिया की भी जानकारी दी गई।
प्रशिक्षण सत्र में जिला जनसंपर्क पदाधिकारी, सोशल मीडिया प्रसार पदाधिकारी, MCMC के सभी सदस्य एवं कर्मी सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे। अधिकारियों ने कहा कि इस प्रकार के प्रशिक्षण से निर्वाचन प्रक्रिया को निष्पक्ष, पारदर्शी और प्रभावी ढंग से संपन्न कराने में सहायता मिलेगी।





