सीतारामडेरा में चोरी के इरादे से घर में घुसीं दो महिलाएं, लोगों ने रंगे हाथों पकड़कर पुलिस को सौंपा

Raj Sharma
2 Min Read

जमशेदपुर।
शहर के सीतारामडेरा थाना क्षेत्र अंतर्गत भालूबासा काली मंदिर रोड नंबर-9 इलाके में शुक्रवार को चोरी की कोशिश कर रही दो महिला चोरों को स्थानीय लोगों ने रंगे हाथों पकड़ लिया। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

मिली जानकारी के अनुसार, दोनों महिलाएं भिखारी के भेष में छोटे बच्चों को साथ लेकर एक घर में दाखिल हुईं। घर का गेट खुला देख वे अंदर घुस गईं और मौका पाकर अलमारी व अन्य कीमती सामान पर हाथ साफ करने का प्रयास करने लगीं। इसी दौरान घर के सदस्यों को आहट सुनाई दी, जिससे उन्हें संदेह हुआ।

घरवालों ने जब भीतर जाकर देखा तो दोनों महिलाएं संदिग्ध हालत में मिलीं। पूछताछ करने पर वे बहाने बनाने लगीं, लेकिन स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें मौके पर ही पकड़ लिया गया। घटना की सूचना तुरंत सीतारामडेरा थाना पुलिस को दी गई।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों महिलाओं को हिरासत में लेकर थाने ले गई। पुलिस अब यह जांच कर रही है कि कहीं ये महिलाएं किसी संगठित चोरी गिरोह से तो नहीं जुड़ी हैं और क्या बच्चों का इस्तेमाल लोगों की सहानुभूति पाने के लिए किया जा रहा था।

घटना के बाद इलाके के लोग सतर्क हो गए हैं। स्थानीय नागरिकों ने लोगों से अपील की है कि वे अनजान व्यक्तियों से सावधान रहें और घरों के दरवाजे-गेट बंद रखें। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।

Share This Article