मानगो मेयर चुनाव में बढ़ी सियासी गर्मी: “प्रवासी पक्षियों से सावधान रहें”, कुमकुम श्रीवास्तव का विपक्ष पर हमला

2 Min Read

जमशेदपुर: कुमकुम श्रीवास्तव ने मानगो नगर निगम चुनाव को लेकर विपक्षी प्रत्याशियों पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि मानगो की जनता बाहरी लोगों से सावधान रहे। उन्होंने कहा कि मेयर वही बनेगा जो क्षेत्र की समस्याओं को सही मायने में समझता हो और वर्षों से जनता के सुख-दुख में साथ रहा हो।

उन्होंने विपक्ष की प्रत्याशी सुधा गुप्ता और संध्या सिंह पर कटाक्ष करते हुए कहा कि वे मानगो की 20 बस्तियों के नाम भी ठीक से नहीं बता पाएंगी। कुमकुम श्रीवास्तव ने जनता से अपील करते हुए कहा कि पैराशूट से चुनाव मैदान में उतरे लोगों के धनबल के प्रभाव में न आएं और ऐसे प्रतिनिधि को चुनें, जिसका व्यक्तित्व मानगो की मिट्टी से जुड़ा हो।

चुनावी अभियान के तहत उन्होंने मानगो के कुमरूम बस्ती, डिमना पारडीह रोड, मानगो बाल्टी कारखाना और उलीडीह बस्ती समेत कई इलाकों का तूफानी दौरा किया। पदयात्रा के दौरान बड़ी संख्या में लोगों ने उनका समर्थन किया और छड़ी छाप क्रम संख्या-2 पर मोहर लगाने का भरोसा जताया।

जनता से मिल रहे स्नेह और समर्थन से अभिभूत कुमकुम श्रीवास्तव ने विकसित मानगो बनाने के अपने संकल्प को दोहराते हुए कहा कि क्षेत्र की सफाई, बुनियादी सुविधाओं और समग्र विकास को प्राथमिकता दी जाएगी।

Share This Article