टेल्को और सिदगोड़ा में आतंक मचा रखा था छिनतई गिरोह ने, पुलिस ने सरगना समेत 6 को किया गिरफ्तार

1 Min Read

जमशेदपुर: सिदगोड़ा पुलिस ने चोरी और छिनतई करने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने भारी मात्रा में चोरी के सामानों के साथ ही नशीले पदार्थ और नकद रूपए भी बरामद किया है। मामले में पुलिस ने 6 बदमाशों को गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की है।

गिरफ्तार अपराधियों में सन्नी कालिंदी उर्फ नुनू, विश्वजीत गोराई उर्फ बाबू, आकाश दत्ता, सोनू सिंह सरदार उर्फ टेटो, टिंकू लाल साहू और रोहित कालिंदी बताया जा रहा है। गिरोह का सरगना सन्नी कालिंदी है। इनके पास से पुलिस ने 15 मोबाइल फोन, 10 पुड़िया ब्राउन शुगर, 3 मोटरसाइकिल, 10 हैलोजन लाइट, 500 का पुराना नोट, 38,800 रुपए नगद और अन्य सामान बरामद किया है।

सिटी एसपी मुकेश लुणायत ने बताया कि पुलिस को मोबाइल चोर गिरोह के सिदगोड़ा एवं टेल्को क्षेत्र में सक्रिय होने की सूचना मिली थी। इसके बाद सिदगोड़ा थाना प्रभारी के नेतृत्व में एक टीम का गठन किया। जांच के क्रम में सरगना सन्नी कालिंदी ही पुलिस के हाथ लग गया। उसकी निशानदेही पर उसके अन्य साथियों को भी पुलिस ने दबोच लिया।

Share This Article